साई पल्लवी की अनकही कहानी: जब उन्हें लगा था डायरेक्टर एक 'स्टॉकर' हैं!
साई पल्लवी का सफर
मुंबई, 8 मई। साउथ सिनेमा की प्रमुख अभिनेत्रियों में से एक साई पल्लवी ने अपनी अदाकारी और नृत्य कौशल से दर्शकों का दिल जीत लिया है। उनकी फिल्मों में हर किरदार अद्वितीय होता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि एक समय ऐसा भी आया था जब उन्होंने एक प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक को स्टॉकर समझ लिया था। उन्हें लगा कि कोई अज्ञात व्यक्ति लगातार उनका पीछा कर रहा है। बाद में वही व्यक्ति उनके करियर का टर्निंग पॉइंट बना और साई पल्लवी रातोंरात स्टार बन गईं।
साई पल्लवी का जन्म 9 मई 1992 को तमिलनाडु के कोटागिरी में हुआ। उनका पूरा नाम साई पल्लवी सेंथामरई कन्नन है। उनके पिता सरकारी नौकरी में थे और मां को डांस का शौक था। बचपन से ही साई पढ़ाई में अव्वल थीं और डॉक्टर बनने का सपना देखती थीं, जिसके लिए उन्होंने जॉर्जिया की एक यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई की।
हालांकि, साई को डांस का भी बहुत शौक था। उन्होंने कभी औपचारिक डांस ट्रेनिंग नहीं ली, लेकिन माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय के डांस देखकर खुद को प्रशिक्षित किया। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने छोटे-मोटे रोल और जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर भी काम किया, लेकिन उन्हें कोई खास पहचान नहीं मिली।
साई पल्लवी की जिंदगी में बड़ा मोड़ तब आया जब प्रसिद्ध निर्देशक अल्फोंस पुथरेन ने उन्हें फेसबुक पर एक डांस क्लिप में देखा। वह साई को अपनी फिल्म 'प्रेमम' में लेना चाहते थे। शुरुआत में साई ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया क्योंकि उनका ध्यान मेडिकल की पढ़ाई पर था, लेकिन कुछ साल बाद निर्देशक ने फिर से उनसे संपर्क किया।
बार-बार फोन आने पर साई को लगा कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनका पीछा कर रहा है। वह पुलिस में शिकायत करने का भी सोच चुकी थीं। जब उन्हें पता चला कि फोन करने वाला कोई स्टॉकर नहीं, बल्कि एक फिल्म निर्माता है, तो उन्होंने राहत की सांस ली और उनसे माफी भी मांगी।
इसके बाद साई पल्लवी ने 'प्रेमम' में मलार का किरदार निभाया, जो रिलीज होते ही सुपरहिट हो गई और साई पल्लवी को रातोंरात स्टार बना दिया। उनकी सादगी और स्वाभाविक अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।
इसके बाद उन्होंने 'फिदा', 'मारी 2', 'लव स्टोरी', 'श्याम सिंह रॉय' और 'गार्गी' जैसी कई सफल फिल्में कीं।
साई पल्लवी केवल अपनी फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों के लिए भी जानी जाती हैं। उन्होंने करोड़ों रुपए के फेयरनेस क्रीम विज्ञापन को ठुकरा दिया था, क्योंकि वह नहीं चाहती थीं कि लोग त्वचा के रंग को लेकर गलत संदेश लें।
आज साई पल्लवी साउथ सिनेमा की सबसे सम्मानित अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती हैं। उन्होंने कई फिल्मफेयर अवॉर्ड और साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवार्ड्स जीते हैं। वह जल्द ही 'रामायण: पार्ट 1' में माता सीता का किरदार निभाने वाली हैं।
.png)