सलमान खान के फैंस से धमकियों का सामना कर रहे फिल्म निर्माता अमित जानी!
फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' पर विवाद
नोएडा, 12 जून। फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्म के निर्माता अमित जानी ने हाल ही में एक बातचीत में बताया कि उन्हें सलमान खान के प्रशंसकों और अंडरवर्ल्ड से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब से फिल्म का पोस्टर जारी हुआ है, तब से उन्हें सलमान के फैंस के नाम पर लगभग 10,000 धमकियां प्राप्त हुई हैं।
अमित ने कहा, "मेरा व्हाट्सऐप, मैसेंजर, इंस्टाग्राम और फेसबुक धमकी भरे संदेशों से भरा हुआ है। पिछले कुछ दिनों से मुझे लगातार धमकियां मिल रही हैं कि मुझे मार देंगे, समुद्र में फेंक देंगे, आदि। ये सब सलमान खान के समर्थकों द्वारा किया जा रहा है, जो किसी भी विरोधी को डराने के लिए काम कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे बताया कि शुक्रवार को फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने कहा कि वे उनके साथ घूमने वाले सीआरपीएफ कमांडो को मार देंगे और उन्हें भी। अमित ने उस ऑडियो को गृह सचिव को भेज दिया है।
अमित जानी ने कहा कि सलमान खान के फैंस में केवल सामान्य लोग नहीं, बल्कि अंडरवर्ल्ड के लोग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सलमान और दाऊद इब्राहिम के बीच के संबंध किसी से छिपे नहीं हैं।
अमित ने कहा कि सलमान खान की टीम एक साथ दो मोर्चों पर काम कर रही है। एक ओर वे कास्टिंग डायरेक्टर को कानूनी नोटिस भेजकर टीजर पर रोक लगाने की कोशिश कर रहे हैं, दूसरी ओर उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं।
अंत में, उन्होंने कहा, "मेरे पास दाऊद इब्राहिम जैसी कोई ताकत नहीं है। मेरे पास केवल गृह मंत्रालय की सुरक्षा है और मैं भगवान जंभेश्वर की शरण में जा रहा हूं।"
.png)