सपना चौधरी का नया गाना 'जले-3 बलमा' बना चर्चा का विषय, जानें क्या है खास!
सपना चौधरी का नया हिट गाना
मुंबई, 23 दिसंबर। हरियाणा की प्रसिद्ध डांसर और गायिका सपना चौधरी अपने शानदार डांस और गानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में उनका नया गाना 'जले-3 बलमा' रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया है।
गाने की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए सपना ने अपने फैंस के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे 'जले-3 बलमा' के बोल पर लिपसिंक करती नजर आ रही हैं। उनके चेहरे के हाव-भाव गाने के बोल के साथ पूरी तरह मेल खा रहे हैं। फैंस को यह वीडियो बहुत पसंद आ रहा है। सपना ने पोस्ट में लिखा, "'जले 3' को इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद। यह गाना हमारा नहीं, आपका है और हमेशा आपका रहेगा। इसे सुनें और अपनापन दें।"
इस लोकप्रिय गाने को शिवा चौधरी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल दीपक डबलानिया ने लिखे हैं। शिवा चौधरी ने ही गाने को कंपोज भी किया है। यह गाना सपना चौधरी की 'जले' सीरीज का तीसरा भाग है, जिसमें पहले 'जले' और 'जले-2' भी रिलीज हो चुके हैं।
सपना की देसी अदाएं और हरियाणवी स्वैग दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं।
सपना चौधरी हरियाणवी संगीत और डांस की दुनिया में एक महत्वपूर्ण नाम बन चुकी हैं। वे स्टेज शो से लेकर सोशल मीडिया तक अपनी उपस्थिति बनाए रखती हैं। उनके गाने न केवल हरियाणा में, बल्कि पूरे भारत में लोकप्रिय हैं।
जल्द ही सपना की बायोपिक 'मैडम सपना' भी रिलीज होने वाली है। प्रसिद्ध निर्देशक महेश भट्ट इस बायोपिक में सपना की संघर्ष भरी जिंदगी को दर्शाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में सपना खुद का किरदार नहीं निभाएंगी, बल्कि एक नई अभिनेत्री को लॉन्च किया जाएगा। यह बायोपिक 2026 में रिलीज होने की संभावना है।
.png)