विद्या बालन की जिंदगी का वो पल जिसने बदल दी किस्मत!
विद्या बालन का संघर्ष और सफलता की कहानी
मुंबई, 5 जुलाई। 'परिणीता', 'कहानी', 'द डर्टी पिक्चर' और 'भूलभुलैया' जैसी चर्चित फिल्मों में अपने बेहतरीन अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाली विद्या बालन का सफर आसान नहीं रहा। फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले उन्हें कई बार अस्वीकृति का सामना करना पड़ा। एक दिन ऐसा पल आया जिसने उनकी किस्मत को बदल दिया। विद्या ने अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म 'परिणीता' मिलने का अनुभव साझा किया।
प्रसिद्ध अभिनेत्री सिमी ग्रेवाल के लोकप्रिय चैट शो 'रेन्जेव्यू विद सिमी ग्रेवाल' में विद्या ने अपने करियर के आरंभिक दिनों को याद किया। उन्होंने कहा, ''मैंने कई ऑडिशन दिए थे और मुझे लगने लगा था कि शायद यह फिल्म भी मेरे हाथ से निकल जाएगी। मैंने उम्मीद लगभग छोड़ दी थी।''
विद्या ने बताया, ''जिस दिन मेरी किस्मत बदलने वाली थी, मैं एनरिक इग्लेसियस के कॉन्सर्ट में थी। मैंने अपना फोन बंद कर रखा था ताकि कोई मुझे परेशान न करे। मेरे साथ एक दोस्त था, जो निर्देशक प्रदीप सरकार के साथ काम करता था, और अचानक उसे दादा का फोन आया।''
विद्या ने उस पल को याद करते हुए कहा, ''दादा ने मेरे दोस्त से पूछा कि विद्या कहां है? क्या वह कॉन्सर्ट में है? जब मैंने फोन लिया, तो उन्होंने बताया कि विधु विनोद चोपड़ा आपसे बात करना चाहते हैं।''
विद्या ने कहा, ''मुझे पूरा यकीन था कि फोन का कारण यह बताना होगा कि मैं फिल्म के लिए चयनित नहीं हुई हूं, क्योंकि मैंने पहले भी कई ऑडिशन दिए थे और हर बार अस्वीकृत हो गई थी। लेकिन अगले ही पल जो शब्द मैंने सुने, उसने मेरी जिंदगी बदल दी।''
विद्या ने बताया कि विधु विनोद चोपड़ा ने कहा, 'विद्या बालन, तुम ही मेरी परिणीता हो। मैं तुम पर भरोसा करता हूं और मुझे पूरा विश्वास है कि तुम हमेशा हमारे इस भरोसे का सम्मान करोगी।''
यह ध्यान देने योग्य है कि 'परिणीता', बांग्ला के प्रसिद्ध लेखक शरतचंद्र चट्टोपाध्याय के 1914 में प्रकाशित उपन्यास पर आधारित थी। यह प्रदीप सरकार की पहली निर्देशित फिल्म थी, जिसका निर्माण विधु विनोद चोपड़ा ने किया था। फिल्म में संजय दत्त, सैफ अली खान और विद्या बालन मुख्य भूमिकाओं में थे। इसके अलावा राइमा सेन, सब्यसाची चक्रवर्ती और दीया मिर्जा ने भी महत्वपूर्ण किरदार निभाए थे। 10 जून 2005 को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस और आलोचकों से भी प्रशंसा प्राप्त की।
.png)