वामिका गब्बी का सपना हुआ सच: माधुरी दीक्षित से मिलीं अदाकारा!
वामिका गब्बी और माधुरी दीक्षित की खास मुलाकात
मुंबई, 16 जुलाई। बॉलीवुड की उभरती हुई अदाकारा वामिका गब्बी ने अपने बचपन के आदर्श माधुरी दीक्षित से मिलने का सपना आखिरकार पूरा कर लिया। इस खास पल का वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर साझा किया।
वामिका ने बताया कि वह 13 साल की उम्र से माधुरी की बड़ी प्रशंसक रही हैं और उनसे मिलने की ख्वाहिश लंबे समय से उनके दिल में थी। जब यह सपना साकार हुआ, तो उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा।
वीडियो की शुरुआत में वामिका, माधुरी के प्रसिद्ध गाने 'धक-धक' के आइकॉनिक स्टेप को करती नजर आती हैं। तभी माधुरी पीछे से आती हैं और उन्हें गले लगाती हैं। अपने सामने अपने बचपन की आइकॉन को देखकर वामिका भावुक हो जाती हैं और उन्हें कसकर गले लगाती हैं।
इस वीडियो में वामिका ने नीले रंग का एथनिक आउटफिट पहना था, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं, जबकि माधुरी गुलाबी साड़ी में हमेशा की तरह आकर्षक नजर आईं। वीडियो में माधुरी वामिका से उनकी हालचाल भी पूछती हैं।
वामिका ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "मेरे करीबी दोस्त जानते हैं कि 13 साल की उम्र की वामिका के लिए यह पल कितना खास था। आखिरकार मेरी मुलाकात 'द' माधुरी दीक्षित से हुई। मैंने उन्हें अपने माता-पिता से भी मिलवाया और अपने बचपन के कई किस्से सुनाए, ताकि उन्हें पता चल सके कि वे मेरे जीवन का कितना महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं।"
वामिका गब्बी ने अपने करियर की शुरुआत बहुत कम उम्र में की थी। उन्होंने 2007 में इम्तियाज अली की सुपरहिट फिल्म 'जब वी मेट' से बॉलीवुड में कदम रखा। हालांकि उनका किरदार छोटा था, लेकिन यहीं से उनके अभिनय करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद उन्होंने 'लव आज कल', 'मौसम' और 'बिट्टू बॉस' जैसी फिल्मों में काम किया और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई।
बॉलीवुड के अलावा, वामिका ने पंजाबी और मलयालम सिनेमा में भी अपनी छाप छोड़ी है। उन्होंने पंजाबी फिल्म 'तू मेरा 22 मैं तेरा 22' और मलयालम फिल्म 'गोधा' में भी काम किया है। हाल ही में, वह फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' में भी नजर आई थीं।
.png)