रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग: प्रवीण लोनकर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
मुंबई में रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की जांच
मुंबई, 16 मार्च। फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी के निवास के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक बड़ा झटका लगा है। गिरफ्तार आरोपी प्रवीण लोनकर को पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद अदालत में पेश किया गया।
क्राइम ब्रांच ने अदालत से चार दिन की अतिरिक्त पुलिस कस्टडी की मांग की थी, ताकि उससे और पूछताछ की जा सके। लेकिन अदालत ने इस मांग को अस्वीकार करते हुए प्रवीण लोनकर को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रवीण लोनकर से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जांच एजेंसियों का मानना था कि अगर उसे कुछ और दिन पुलिस हिरासत में रखा जाता, तो इस साजिश से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते थे। लेकिन अदालत ने आगे की पुलिस कस्टडी देने से इनकार कर दिया।
प्रवीण लोनकर का नाम सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। वह पहले से ही चर्चित बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में जेल में था। जांच के दौरान यह पता चला कि वह जेल में रहते हुए भी इस साजिश में शामिल था।
जांच में यह भी सामने आया है कि रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। शुभम लोनकर नामक व्यक्ति इस योजना में मुख्य भूमिका में था, जबकि प्रवीण लोनकर ने इस साजिश के संचालन में मदद की।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग से पहले हमलावरों ने इलाके की कई दिनों तक रेकी की। सही मौके का इंतजार करते हुए उन्होंने रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की। इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अब तक इस मामले में पुणे, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें मुख्य शूटर भी शामिल हैं। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार और वाहन अलग-अलग स्थानों से जुटाए गए थे। इस पूरे मामले को एक संगठित अपराध गिरोह से जोड़ा जा रहा है।
.png)