Movie prime

रिया चक्रवर्ती ने साझा किया सुशांत की मौत के बाद का दर्दनाक अनुभव, जानें क्या कहा!

रिया चक्रवर्ती ने हाल ही में एक चैट शो में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद के कठिन समय को याद किया। उन्होंने अपने भाई शोविक के साथ मिलकर उस समय के मानसिक तनाव और डर के बारे में खुलकर बात की। रिया ने बताया कि कैसे इस अनुभव ने उनके जीवन को प्रभावित किया और उन्होंने ट्रॉमा से उबरने की कोशिश की। जानें उनके अनुभव और मानसिक स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव के बारे में।
 

रिया चक्रवर्ती का खुलासा


मुंबई, 25 जून। अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु के बाद के कठिन समय को याद किया। उन्होंने अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के साथ मिलकर नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो 'डबल डेट' में उस समय की मानसिक स्थिति, डर और तनाव पर खुलकर चर्चा की।


2020 में, रिया और शोविक चक्रवर्ती को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था, जो सुशांत की मौत से संबंधित जांच के दौरान सामने आया था। इस मामले ने देशभर में काफी चर्चा पैदा की थी।


इस शो में दोनों भाई-बहनों ने बताया कि उस घटना के बाद उनका जीवन पूरी तरह से बदल गया। रिया ने कहा कि उस समय मानसिक तनाव, डर और सामाजिक दबाव इतना अधिक था कि जीना भी कठिन हो गया था। उस समय की घटनाओं ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया और इसका असर लंबे समय तक रहा।


शोविक ने अपने पुराने जीवन को याद करते हुए कहा, ''एक समय था जब मैं एक अलग जीवन जी रहा था। मेरा सपना था कि मैं आईआईएम या व्हार्टन जैसे प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूल में पढ़ाई करूं, लेकिन अचानक सब कुछ बदल गया। जीवन ने एक ऐसा मोड़ लिया जिसकी मैंने कभी कल्पना नहीं की थी।''


उन्होंने आगे कहा, ''कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं जिन्हें कोई भी पहले से नहीं समझ सकता, और मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ। एक सामान्य जीवन अचानक संकट में बदल गया, जिसकी मैंने उम्मीद नहीं की थी। इस बुरे अनुभव से बाहर आने में मुझे लगभग चार से पांच साल लगे।''


शोविक ने कहा, "आज भी कई बार मैं उन पलों को याद करता हूं और सोचता हूं कि यह सब मेरे साथ क्यों हुआ। इस घटना ने मेरी मानसिक स्थिति पर गहरा असर डाला है। मुझे ट्रॉमैटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (पीटीएसडी) है। आज भी अगर दरवाजे की घंटी बजती है, तो मुझे पुराने दिन याद आ जाते हैं। उस समय ऐसा माहौल था कि हर छोटी आवाज भी हमें खतरे जैसी लगती थी।"


जब रिया से पूछा गया कि क्या वह ट्रॉमा से पूरी तरह उबर पाई हैं, तो उन्होंने कहा कि ऐसा अनुभव कभी पूरी तरह खत्म नहीं होता। ट्रॉमा केवल दिमाग तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह शरीर और भावनाओं में भी कहीं न कहीं बना रहता है। मैं धीरे-धीरे खुद को संभाल रही हूं। थेरेपी की मदद से आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हूं, लेकिन यह दर्द पूरी तरह मिटता नहीं है।


उन्होंने कहा कि यह अनुभव और भी डरावना था क्योंकि यह सब कुछ सार्वजनिक रूप से हुआ। पूरे देश और मीडिया की नजरों में होने के कारण हर कोई हमारे बारे में राय बना रहा था। हालांकि, हम दोनों ने धीरे-धीरे खुद को संभाला और जीवन में आगे बढ़ने की कोशिश की। शो 'डबल डेट' यूट्यूब पर स्ट्रीम होता है।


OTT