रणवीर सिंह के मैनेजर को मिली धमकी: बिश्नोई गैंग का सदस्य बना मुख्य आरोपी!
मुंबई क्राइम ब्रांच को मिले नए सुराग
मुंबई, 21 फरवरी। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को मिली धमकी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उन्होंने बिश्नोई गैंग के सदस्य हरिचंद्र उर्फ हेरी बॉक्सर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया है।
क्राइम ब्रांच ने वॉइस नोट की जांच पूरी कर ली है और यह पुष्टि की है कि आवाज हेरी बॉक्सर की है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है।
पुलिस ने अभिनेता के मैनेजर को मिले वॉइस नोट की पुष्टि के लिए पंजाब और हरियाणा पुलिस की सहायता ली थी। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आवाज हेरी बॉक्सर की है, जो बिश्नोई गैंग का सदस्य है। इस पुष्टि के बाद, मुंबई साइबर पुलिस ने रणवीर सिंह के मैनेजर विजय सुब्रमण्यम की शिकायत पर हेरी बॉक्सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मैनेजर को इंटरनेशनल नंबर से फोन कर धमकाने की कोशिश की गई थी। उस नंबर की लोकेशन यूएस वर्जिन आइलैंड्स के पास थी। मैनेजर ने पुलिस को बताया कि इंटरनेशनल कॉल के जरिए फिरौती की मांग की गई थी और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। पुलिस इस इंटरनेशनल नंबर की सही लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है। इन घटनाओं के बाद, अभिनेता के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन्हें शूटिंग के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, हेरी बॉक्सर के वॉयस नोट में अभिनेता से 20 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी और उन्हें तथा रोहित शेट्टी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। वॉयस रिकॉर्डिंग में कहा गया, “रणवीर सिंह, तू कुछ बात बोलकर मुकर गया ना, ठीक है। या तो तू उस बात पर वापस आ जा, नहीं तो मुकरने की सजा क्या होती है वो तुझे हम बताएंगे। इसलिए तेरे लिए ये वॉइस नोट छोड़ रहे हैं। रोहित शेट्टी और तुम लाइन पर आ जाओ और हम पूरे बॉलीवुड को भी ये बोल रहे हैं, नहीं तो वो अंजाम करेंगे जो कभी सोचा नहीं होगा।”
.png)