रणवीर सिंह और 'डॉन 3' विवाद: क्या है इस फिल्म के पीछे की कहानी?
रणवीर सिंह का 'डॉन 3' से हटना बना विवाद का कारण
मुंबई, 25 मई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रणवीर सिंह और उनकी आगामी फिल्म 'डॉन 3' के बीच चल रहा विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने भी कड़ा रुख अपनाया है। फिल्म के निर्माता फरहान अख्तर की शिकायत के बाद, फेडरेशन ने रणवीर के खिलाफ 'नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव' जारी किया है। इस बीच, एफडब्ल्यूआईसीई के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने इस विवाद पर विस्तार से चर्चा की और इंडस्ट्री में बढ़ते इस ट्रेंड पर चिंता व्यक्त की।
अशोक पंडित ने कहा, ''फिल्म इंडस्ट्री एक भरोसे पर आधारित है। जब कोई निर्माता किसी अभिनेता को साइन करता है, तो पूरी टीम उसी के अनुसार काम करने लगती है। फिल्म की तैयारी, शूटिंग की योजना, लोकेशन, तकनीकी टीम, सेट और अन्य चीजों पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं।''
उन्होंने आगे बताया कि जैसे ही फिल्म की तैयारी शुरू होती है, निर्माता का पैसा लगना शुरू हो जाता है। यदि कोई अभिनेता अंतिम समय में फिल्म छोड़ देता है, तो इसका प्रभाव केवल निर्माता पर नहीं, बल्कि सैकड़ों श्रमिकों और तकनीशियनों पर भी पड़ता है।
अशोक पंडित ने कहा कि 'डॉन 3' की तैयारियां काफी आगे बढ़ चुकी थीं। शूटिंग की योजना बन चुकी थी और यूनिट रवाना होने वाली थी, लेकिन अचानक रणवीर ने प्रोजेक्ट से पीछे हटने का निर्णय लिया। चाहे कारण कुछ भी हो, लेकिन इस तरह का अंतिम समय पर फिल्म छोड़ना इंडस्ट्री के लिए एक गंभीर समस्या बन सकता है।
उन्होंने कहा, ''जब यह मामला हमारे पास आया, तो फेडरेशन ने इसे शांति से सुलझाने की कोशिश की। रणवीर को बुलाकर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। फेडरेशन ने उन्हें कई नोटिस और रिमाइंडर भेजे, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में जब प्रेस कॉन्फ्रेंस की घोषणा हुई, तब रणवीर की टीम ने एक ईमेल भेजा, जिससे फेडरेशन संतुष्ट नहीं था।''
अशोक पंडित ने कहा, ''फेडरेशन चाहता था कि रणवीर खुद सामने आकर बात करें, क्योंकि यह मामला केवल एक फिल्म का नहीं, बल्कि पूरी इंडस्ट्री के भरोसे और काम करने के तरीके से जुड़ा है। अगर यह भरोसा टूटता है, तो भविष्य में निर्माता बड़े सितारों पर निवेश करने से डरेंगे। इससे पूरी इंडस्ट्री प्रभावित हो सकती है।''
एफडब्ल्यूआईसीई ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया है, जिसका अर्थ है कि फेडरेशन से जुड़े सदस्य, तकनीशियन और श्रमिक फिलहाल रणवीर या उनके प्रोजेक्ट्स के साथ सहयोग नहीं करेंगे।
यह विवाद फिल्म 'डॉन 3' से संबंधित है, जिसकी घोषणा 2023 में की गई थी, और जिसमें रणवीर को मुख्य भूमिका में लिया गया था। पहले कियारा आडवाणी भी फिल्म का हिस्सा थीं, लेकिन उन्होंने प्रेग्नेंसी के कारण प्रोजेक्ट छोड़ दिया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर ने स्क्रिप्ट में कुछ बदलाव की मांग की थी, लेकिन निर्माता इसके लिए तैयार नहीं थे। इसके बाद रणवीर ने फिल्म छोड़ने का निर्णय लिया, जिससे फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट को लगभग 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
बताया जा रहा है कि इस विवाद को सुलझाने के लिए कई बड़े नामों ने प्रयास किए, यहां तक कि आमिर खान ने भी मध्यस्थता की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
.png)