रणबीर कपूर ने संजय लीला भंसाली को बताया सिनेमा का असली गुरु!
रणबीर कपूर का भंसाली के प्रति आभार
मुंबई, 29 सितंबर (वेब वार्ता)। अभिनेता रणबीर कपूर ने कहा है कि फ़िल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली ने उन्हें सिनेमा की हर बारीकी सिखाई है। उन्होंने यह भी बताया कि अभिनय की जो भी कला वह जानते हैं, उसका श्रेय भंसाली को जाता है।
रणबीर ने 2007 में भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। अब, 18 साल बाद, वह भंसाली के साथ नई फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में काम कर रहे हैं, जो 20 मार्च 2026 को रिलीज होगी। इस फिल्म में रणबीर अपनी पत्नी आलिया भट्ट और विक्की कौशल के साथ नजर आएंगे।
अपने 43वें जन्मदिन पर इंस्टाग्राम पर लाइव आकर, रणबीर ने अपने सह-कलाकारों और निर्देशक के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा, ‘‘लव एंड वॉर’ का निर्देशन संजय लीला भंसाली कर रहे हैं और इसमें मेरे पसंदीदा कलाकार विक्की कौशल और आलिया भट्ट हैं।’
रणबीर ने आगे कहा, ‘‘इस फिल्म का निर्देशन उस व्यक्ति ने किया है जिसने मुझे सिनेमा के बारे में सब कुछ सिखाया है। मैं जो कुछ भी जानता हूं, उसका श्रेय उन्हें ही जाता है। मैं उनके साथ 18 साल बाद काम कर रहा हूं और वह अब और भी बड़े गुरु बन गए हैं। उनके साथ काम करके मुझे बहुत खुशी हो रही है।’
इस फिल्म में विक्की कौशल पहली बार भंसाली के साथ काम कर रहे हैं। आलिया भट्ट ने भंसाली के साथ पहले भी काम किया है, जैसे कि 2022 में ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में, जहां उन्होंने एक महिला माफिया डॉन की भूमिका निभाई थी।
.png)