योगराज सिंह के विवादास्पद बयान पर पंजाब महिला आयोग की सख्त कार्रवाई!
योगराज सिंह के खिलाफ उठी आवाज़
अमृतसर, 14 मई। पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता और अभिनेता योगराज सिंह विवादों में फंस गए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने वेब सीरीज 'लुक्खे' में महिलाओं के प्रति अपमानजनक और अश्लील भाषा का प्रयोग किया। इस मामले में पंजाब राज्य महिला आयोग ने नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला आयोग ने पंजाब पुलिस के डीजीपी को पत्र लिखकर तुरंत जांच करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने 'पंजाब स्टेट कमीशन फॉर विमेन एक्ट, 2001' की धारा-12 के तहत अपनी शक्तियों का उपयोग करते हुए इस मामले को गंभीरता से लिया है।
आयोग ने मांग की है कि योगराज सिंह के अलावा इस वेब सीरीज के लेखक, निर्देशक, निर्माता और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही सेंसर बोर्ड से भी इस सामग्री की जांच कराने की अपील की गई है। आयोग ने एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने की मांग की है। इस वेब सीरीज में बोले गए संवादों पर एडवोकेट उज्जवल भसीन ने भी योगराज सिंह और अन्य के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी योगराज सिंह के खिलाफ महिला आयोग को शिकायत पत्र भेजा है। कांग्रेस ने मांग की है कि योगराज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और पूरी वेब सीरीज 'लुक्खे' पर प्रतिबंध लगाया जाए।
शिकायत में कहा गया है कि योगराज सिंह खुद को अमृतधारी सिख और गुरसिख बताते हैं, फिर भी उन्होंने महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया है, जो सिख सिद्धांतों के खिलाफ है। कांग्रेस ने इसे भारतीय न्याय संहिता की धारा-79 और महिलाओं के सम्मान के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है।
'लुक्खे' वेब सीरीज अमेजन पर स्ट्रीम हो रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में योगराज सिंह को महिलाओं के लिए इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा को लेकर तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा है।
.png)