यामी गौतम: एक IAS अधिकारी बनने का सपना देखने वाली अभिनेत्री की प्रेरणादायक यात्रा
यामी गौतम का सफर
मुंबई, 27 नवंबर। यामी गौतम आज बॉलीवुड की एक प्रमुख अभिनेत्री बन चुकी हैं, जिनकी अदाकारी ने लाखों दर्शकों का दिल जीत लिया है। लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते कि उन्होंने कभी अभिनय को अपने करियर के रूप में नहीं देखा था। हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से शहर से निकलकर, यामी ने पढ़ाई और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच एक समय आईएएस बनने का सपना देखा था।
यामी की कहानी प्रेरणा से भरी हुई है। उनका जन्म 28 नवंबर 1988 को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुआ। कुछ समय बाद उनका परिवार चंडीगढ़ चला गया, जहां यामी ने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। उनके पिता, मुकेश गौतम, पंजाबी फिल्म के निर्देशक थे, जिससे उनके घर में कला और फिल्मों के प्रति स्वाभाविक रुचि थी। उनकी मां, अंजली गौतम, ने हमेशा पढ़ाई और करियर को लेकर प्रोत्साहित किया। यामी हमेशा से पढ़ाई में अव्वल रहीं और उनका सपना एक बड़ा अधिकारी बनने का था।
स्कूल के बाद, यामी ने लॉ में दाखिला लिया और आईएएस बनने का सपना देखने लगीं। वह इस दिशा में मेहनत कर रही थीं, लेकिन 20 साल की उम्र में उनके जीवन में एक बड़ा मोड़ आया। दोस्तों के कहने पर, उन्होंने अपने करियर के लक्ष्य को बदलकर अभिनय की दुनिया में कदम रखने का निर्णय लिया।
इसके बाद, यामी ने मुंबई में अभिनय की शिक्षा ली और धीरे-धीरे अपने करियर में आगे बढ़ने लगीं। उन्होंने 2008 में टीवी शो 'चांद के पार चलो' से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद, 'ये प्यार ना होगा कम' जैसे शो में भी नजर आईं, जिससे उन्हें दर्शकों के बीच पहचान मिली। यामी ने साउथ इंडस्ट्री में भी काम किया, उनकी पहली कन्नड़ फिल्म 'उल्लास उत्साह' थी।
2012 में, यामी ने बॉलीवुड में 'विक्की डोनर' से कदम रखा, जिसमें उन्होंने आयुष्मान खुराना की पत्नी का किरदार निभाया। यह फिल्म सफल रही और यामी को तुरंत पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने 'बदलापुर', 'काबिल', 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक', 'बाला', 'ओएमजी 2', और 'आर्टिकल 370' जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया। उनकी अदाकारी की सराहना दर्शकों के साथ-साथ फिल्म समीक्षकों ने भी की।
यामी ने अपने करियर में कई पुरस्कार भी जीते हैं, जिनमें जी सिने अवार्ड्स में बेस्ट फीमेल डेब्यू शामिल है। इसके अलावा, उन्होंने फिल्मफेयर और आईफा जैसे बड़े पुरस्कारों के लिए भी नामांकित किया गया। यामी ने विज्ञापनों और ब्रांड एंडोर्समेंट में भी अपनी पहचान बनाई है।
यामी गौतम ने 4 जून 2021 को फिल्म निर्देशक आदित्य धर से विवाह किया। मई 2024 में, उन्होंने अपने पहले बेटे का स्वागत किया, जिसका नाम वेदाविद धर रखा।
.png)