मनोज तिवारी ने होली पर परिवार संग साझा की खूबसूरत यादें, फैंस का मिला प्यार
मनोज तिवारी का होली सेलिब्रेशन
मुंबई, 4 मार्च। भोजपुरी सिनेमा के मशहूर अभिनेता, गायक और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर होली का त्योहार अपने परिवार के साथ मनाते हुए कुछ खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो साझा किए।
इन तस्वीरों और वीडियो में मनोज अपनी पत्नी सुरभि तिवारी और उनकी दोनों छोटी बेटियों के साथ नजर आ रहे हैं, जहां वे एक-दूसरे को गुलाल लगाते हुए होली का जश्न मना रहे हैं। अभिनेता ने इस पोस्ट के जरिए अपने फैंस को होली की शुभकामनाएं दीं।
मनोज तिवारी के फैंस को उनके परिवार के साथ की ये तस्वीरें और वीडियो बेहद पसंद आ रही हैं। कुछ ही घंटों में इस पोस्ट पर हजारों व्यूज और लाइक्स आ चुके हैं, और कमेंट्स के जरिए लोगों का प्यार लगातार बढ़ता जा रहा है।
मनोज तिवारी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित नामों में से एक हैं। उनकी दमदार एक्टिंग और गायिकी के लिए लोग उन्हें बेहद पसंद करते हैं। उन्होंने 2003 में 'ससुरा बड़ा पैसा वाला' फिल्म से भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा और उसके बाद कई हिट फिल्मों में अपने अभिनय का जादू बिखेरा।
अभिनय से पहले, मनोज तिवारी ने कई सालों तक भोजपुरी गायक के रूप में काम किया। उनके कुछ गाने, जैसे 'जिये हो बिहार के लाला' और 'रिंकिया के पापा', आज भी बेहद लोकप्रिय हैं।
मनोज तिवारी ने 2012 में अपनी पहली पत्नी रानी तिवारी से तलाक लिया और 2020 में सुरभि तिवारी से दूसरी शादी की। उनके पास कुल तीन बेटियां हैं, एक पहली पत्नी से और दो दूसरी पत्नी से।
राजनीतिक करियर की बात करें तो मनोज ने 2009 में समाजवादी पार्टी से शुरुआत की, लेकिन 2014 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। वे दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं और 2024 में तीसरी बार उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद चुने गए हैं।
.png)