भूमि पेडनेकर का नया हॉरर अवतार: जानिए 'जानी दुश्मन : डर के आगे मौत' के बारे में
भूमि पेडनेकर की नई हॉरर फिल्म का ऐलान
मुंबई, 4 नवंबर। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर जल्द ही हॉरर फ्रेंचाइजी 'जानी दुश्मन : डर के आगे मौत' में दिखाई देंगी। यह फिल्म यूनाइटेड किंगडम की पृष्ठभूमि पर आधारित एक सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर होगी।
भूमि ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "आपने दर्द तो बहुत सहा होगा, लेकिन अब खौफ का अनुभव करने के लिए तैयार हो जाइए। पेश है, 'जानी दुश्मन : डर के आगे मौत'।"
इस फिल्म का निर्देशन अरशद सैयद कर रहे हैं, जबकि इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर रॉबी ग्रेवाल हैं। भूषण कुमार (टी-सीरीज) और प्रभलीन संधू की अलमाइटी मोशन पिक्चर इस प्रोजेक्ट का निर्माण कर रही है।
प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने इस सहयोग के बारे में कहा, "अलमाइटी मोशन पिक्चर एक विश्वसनीय क्रिएटिव पार्टनर है और उनके साथ काम करना हमेशा सुखद अनुभव होता है। 'मेड इन इंडिया - अ टाइटन स्टोरी' के बाद, हम जानी दुश्मन के लिए फिर से साथ आकर खुश हैं।"
अलमाइटी मोशन पिक्चर की फाउंडर प्रभलीन संधू ने कहा, "भूषण जी और टी-सीरीज के साथ काम करना हमेशा खास रहा है। हम एक अनोखे सिनेमाई अनुभव के लिए फिर से साथ आने को लेकर उत्साहित हैं। जानी दुश्मन विशेष है क्योंकि यह मुझे रॉबी ग्रेवाल और अरशद सैयद से फिर मिलाती है।"
फिल्म में हॉलीवुड के प्रसिद्ध स्टंट डायरेक्टर पीटर पेड्रेरो भी शामिल हैं, जिन्होंने 'हैरी पॉटर', 'फास्ट एंड फ्यूरियस', 'द एक्सपेंडेबल्स', 'गेम ऑफ थ्रोन्स' और 'द कॉन्ज्यूरिंग' जैसी फिल्मों में काम किया है।
कहानी पूरी तरह से यूनाइटेड किंगडम में सेट होगी और यह एक मां-बेटी के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें पारिवारिक रहस्य और अलौकिक शक्तियों का जिक्र होगा।
इस फिल्म को रॉबी ग्रेवाल ने क्रिएटिव प्रोडक्शन के तहत तैयार किया है, जबकि इसके को-प्रोड्यूसर शिव चनाना और सुनीता विनोद व्यास हैं। यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की योजना है।
.png)