बॉलीवुड सितारों के नाम पर ठगी: मुंबई पुलिस ने तीन ठगों के खिलाफ दर्ज किया मामला
मुंबई में ठगी का मामला सामने आया
मुंबई, 5 जनवरी। मुंबई पुलिस ने तीन ठगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिन्होंने बड़े बॉलीवुड सितारों और क्रिकेटरों के नाम का दुरुपयोग कर एक कंपनी को ठगा।
पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है और जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, बॉलीवुड अभिनेत्री आथिया शेट्टी, क्रिकेटर केएल राहुल और अभिनेता अरशद वारसी के नाम का उपयोग करते हुए, एक कंपनी के कर्मचारियों ने 1.41 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। जांच में यह पता चला कि तीनों कर्मचारी मिलकर इन सितारों के नाम और फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर रहे थे। अंबोली पुलिस ने इस मामले में तीन कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनकी पहचान ऋषभ सुरेका, यश नागरकोटी और आशय शास्त्री के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि ऋषभ सुरेका कंपनी में एक सीनियर मैनेजर के रूप में लंबे समय से कार्यरत था। वह ब्रांडिंग और सेलिब्रिटी प्रोजेक्ट्स का जिम्मा संभालता था, जिसके कारण कंपनी ने उस पर भरोसा किया। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए ऋषभ ने ठगी का जाल बिछाया। उसने फर्जी इनवॉइस, नकली हस्ताक्षर और जाली ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर कंपनी से पैसे ठगे।
ऋषभ ने केएल राहुल और अरशद वारसी के नाम से फर्जी मेल भेजकर कंपनी को धोखा दिया और मनमानी रकम वसूल की। इसके अलावा, उसने आथिया शेट्टी के जाली सिग्नेचर भी किए। इस घोटाले का पर्दाफाश प्रोडक्शन हाउस की मदद से हुआ। बताया जा रहा है कि कंपनी को 1.41 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
इस धोखाधड़ी में ऋषभ के साथ यश नागरकोटी और आशय शास्त्री भी शामिल थे, जो पैसे निकालने में उसकी मदद कर रहे थे। फिलहाल, शिकायत दर्ज हो चुकी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
.png)