प्रदीप रावत को याद करते हुए भावुक हुईं स्मृति खन्ना, साझा किए यादगार पल
स्मृति खन्ना की भावुक श्रद्धांजलि
मुंबई, 5 अगस्त। अभिनेत्री स्मृति खन्ना ने दिवंगत अभिनेता प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि देते हुए उनके साथ बिताए अनमोल क्षणों को याद किया। उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में शुरू हुई उनकी पहचान धीरे-धीरे एक पारिवारिक रिश्ते में बदल गई। प्रदीप हमेशा उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानते थे और हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाते थे।
स्मृति ने एक इंटरव्यू में कहा, ''मेरी पहली मुलाकात प्रदीप दादा से एक पार्टी में हुई थी। हम एक दोस्त के माध्यम से मिले थे। पहली बार में ही हमारे बीच एक गहरा संबंध बन गया। इसके बाद हमारी दोस्ती और मजबूत होती गई और यह एक खूबसूरत पारिवारिक रिश्ते में बदल गई। प्रदीप दादा, उनकी पत्नी कल्याणी और हमारा पूरा परिवार अक्सर एक साथ समय बिताते थे।''
उन्होंने आगे कहा कि दोनों परिवारों के बीच इतना अपनापन था कि एक-दूसरे के घर आना-जाना, साथ में खाना खाना, जन्मदिन मनाना और छुट्टियों पर जाना आम बात थी। हम अक्सर एक-दूसरे के घर जाते थे, जन्मदिन मनाते थे और कई बार देर रात तक बातें करते थे। मेरे जन्मदिन पर प्रदीप दादा हमेशा मौजूद रहते थे। हम अंताक्षरी खेलते थे, हंसते थे और बातें करते थे। उनके साथ बिताए हर पल आज भी मेरी यादों में ताजा हैं।
स्मृति ने कहा, ''प्रदीप रावत केवल एक अच्छे अभिनेता ही नहीं, बल्कि जीवन के अनुभवों से भरपूर इंसान भी थे। वह अक्सर अपने संघर्षों और जीवन से जुड़े किस्से सुनाते थे, जिनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता था। हमारे बीच एक स्नेहभरा रिश्ता था। वह कभी मुझे अपनी छोटी बहन की तरह मानते थे तो कभी बेटी की तरह। उन्होंने हमेशा प्यार और सम्मान दिया।''
उन्होंने प्रदीप की हाजिरजवाबी की भी तारीफ की। स्मृति ने कहा, ''वह बिना किसी प्रयास के लोगों को हंसा देते थे। उनकी बातें सभी को हंसने पर मजबूर कर देती थीं। उनके आने से पूरा माहौल बदल जाता था।''
स्मृति ने प्रदीप रावत के अभिनय की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ''प्रदीप दादा एक असाधारण अभिनेता थे। चाहे उन्हें खलनायक का किरदार मिला हो या गंभीर भूमिका, उन्होंने हर बार दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। उनकी पर्दे पर मौजूदगी इतनी प्रभावशाली होती थी कि उनका हर किरदार यादगार बन जाता था।''
अंत में, स्मृति ने कहा, ''कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझने के बावजूद प्रदीप दादा ने अपने काम के प्रति कभी लापरवाही नहीं दिखाई। उन्होंने शूटिंग जारी रखी और अपने काम को पूरी ईमानदारी से निभाया। उनका जीवन और संघर्ष हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।''
.png)