पवन कल्याण की पत्नी अन्ना का भावुक संदेश: 'जीवन का बोझ शारीरिक दर्द से कहीं अधिक भारी'
पवन कल्याण की स्वास्थ्य स्थिति पर पत्नी का समर्थन
मुंबई, 13 जुलाई। तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण इन दिनों अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण चर्चा में हैं। हाल ही में, उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में दाहिने कंधे की सर्जरी करानी पड़ी। इस कठिन समय में उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला उनके साथ खड़ी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि पवन ने जीवन में शारीरिक दर्द से कहीं अधिक कठिनाइयों और जिम्मेदारियों का सामना किया है।
अन्ना ने इंस्टाग्राम पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ पवन कल्याण की अस्पताल में मुलाकात की एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर के माध्यम से उन्होंने पवन की सेहत और उनके व्यक्तित्व के बारे में अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने बताया कि पवन अपनी समस्याओं के बारे में खुलकर बात नहीं करते और हमेशा मजबूत बने रहने की कोशिश करते हैं।
अपने पोस्ट में अन्ना ने लिखा, 'उनकी जिंदगी का बोझ हमेशा उनके शारीरिक दर्द से कहीं ज्यादा भारी रहा है। वह बहुत कम शिकायत करते हैं। वह तभी अपनी तकलीफ बताते हैं, जब दर्द सहन करना उनके लिए भी मुश्किल हो जाता है। इस समय मेरा एकमात्र कार्य है कि मैं उनकी देखभाल करूं और उन्हें यह अहसास कराऊं कि वह सुरक्षित हैं। हम धीरे-धीरे इस कठिन समय से बाहर निकलेंगे।'
गौरतलब है कि पवन कल्याण की दाहिने कंधे की सर्जरी 11 जुलाई को हुई थी। अस्पताल द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में बताया गया कि उन्हें दाहिने कंधे में रोटेटर कफ इंजरी हुई थी, जिसमें मांसपेशियों से जुड़े टेंडन में गंभीर चोट और हड्डी में फ्रैक्चर शामिल था।
डॉक्टरों ने उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद ऑर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी की। सर्जरी के बाद पवन कल्याण की स्थिति स्थिर है और वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं।
अस्पताल ने बताया कि पवन को कुछ समय आराम करने के बाद कंधे की विशेष एक्सरसाइज और रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुजरना होगा। उम्मीद है कि लगभग चार महीने में उनके कंधे की कार्यक्षमता पूरी तरह से वापस आ जाएगी।
.png)