नील नितिन मुकेश ने 'यूनिवर्सल आइडल' से खुद को क्यों किया अलग? जानें पूरी कहानी!
नील नितिन मुकेश का विवादित फैसला
मुंबई, 23 फरवरी। बॉलीवुड और एंटरटेनमेंट क्षेत्र में भुगतान विवाद कोई नई बात नहीं है, लेकिन जब कोई अभिनेता खुलकर किसी शो और उसके आयोजकों पर गंभीर आरोप लगाता है, तो यह चर्चा का विषय बन जाता है। हाल ही में, अभिनेता नील नितिन मुकेश ने म्यूजिक रियलिटी शो 'यूनिवर्सल आइडल' से खुद को पूरी तरह अलग करने का निर्णय लिया है।
नील ने बताया कि शो के आयोजकों द्वारा निर्धारित भुगतान न मिलने और लगातार भरोसा टूटने के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। अभिनेता ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे इंडस्ट्री में हलचल मच गई।
नील नितिन मुकेश ने कहा, "मैं 'यूनिवर्सल आइडल' का ब्रांड एम्बेसडर था और इसके लिए एक निश्चित समझौता हुआ था। लेकिन, शो के आयोजक एचएमसी इवेंट्स ने जो भुगतान करने का वादा किया था, वह समय पर नहीं किया गया। आयोजकों ने मुझे पेमेंट के लिए तीन चेक दिए, लेकिन तीनों चेक बैंक से बाउंस हो गए। यह मेरे लिए केवल आर्थिक नुकसान नहीं था, बल्कि यह एक बड़े स्तर पर भरोसे और पेशेवर जिम्मेदारी का उल्लंघन था।"
अभिनेता ने आगे कहा, "इस विवाद को सुलझाने के लिए मैंने और मेरी टीम ने आयोजकों से कई बार संपर्क किया। बार-बार बातचीत करने, संदेश भेजने और व्यक्तिगत रूप से समझाने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला, जिसके कारण मेरे पास शो से अलग होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।"
नील नितिन मुकेश ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की, "अब मैं 'यूनिवर्सल आइडल' से किसी भी तरह से जुड़ा नहीं हूं। मैं शकील हासन और उनसे जुड़े सभी लोगों के साथ अपने मौजूदा और भविष्य के सभी संबंध समाप्त कर रहा हूं।"
उन्होंने कहा, "मैं यह पोस्ट पारदर्शिता के उद्देश्य से कर रहा हूं, ताकि अन्य लोग भी किसी प्रोजेक्ट से जुड़ने से पहले भुगतान और कमिटमेंट्स की अच्छी तरह से जांच कर लें। मैं कानून के तहत अपने सभी अधिकार सुरक्षित रखता हूं और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटूंगा।"
.png)