दिव्या भारती की पुण्यतिथि पर सोमी अली ने दी भावुक श्रद्धांजलि
दिव्या भारती की याद में सोमी अली का भावुक संदेश
मुंबई, 5 अप्रैल। अभिनेत्री सोमी अली ने दिवंगत सुपरस्टार दिव्या भारती की 33वीं पुण्यतिथि पर उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपनी करीबी दोस्त दिव्या को याद करते हुए सोमी ने उन्हें असाधारण प्रतिभा का प्रतीक बताया।
सोमी ने 90 के दशक के एक फोटोशूट की दिव्या की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “तुम्हारी बहुत याद आ रही है! तुम्हारी आत्मा को शांति मिले, मेरी दोस्त। हमने एक खूबसूरत युवती और असाधारण प्रतिभा को खो दिया।”
उन्होंने आगे कहा कि दिव्या एक ईमानदार और बेबाक लड़की थीं, जो किसी की बकवास को बर्दाश्त नहीं करती थीं। वह खूबसूरत, साहसी और अविश्वसनीय रूप से प्रतिभाशाली थीं... दिव्या भारती बहुत जल्दी चली गई।
दिव्या भारती, 90 के दशक की शुरुआत में बॉलीवुड की सबसे होनहार अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती थीं।
उन्होंने बहुत कम उम्र में अपने करियर की शुरुआत की और 'दीवाना', 'शोला और शबनम', 'विश्वात्मा' जैसी सुपरहिट फिल्मों से जल्दी ही प्रसिद्धि प्राप्त की।
दिव्या ने अपने छोटे से करियर में शाहरुख खान और ऋषि कपूर जैसे दिग्गजों के साथ काम किया।
उन्होंने हिंदी और तेलुगु सिनेमा दोनों में अपनी एक लोकप्रिय पहचान बनाई।
उनके कुछ प्रसिद्ध गानों में 'सात समुंदर पार' और 'ऐसी दीवानगी' शामिल हैं, जो आज भी चार्टबस्टर माने जाते हैं।
निजी जीवन में, दिव्या भारती ने 90 के दशक की शुरुआत में बहुत कम उम्र में फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला से शादी की थी।
एक दुखद घटना में, अभिनेत्री का 1993 में मुंबई स्थित अपने अपार्टमेंट की बालकनी से गिरने के बाद 19 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
.png)