Movie prime

दिल्ली हाईकोर्ट ने सनी देओल की फिल्म 'सूर्या' की रिलीज पर रोक लगाने से किया इनकार, जानें क्यों?

सनी देओल की फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। फिल्म के टीजर में डॉक्टरों के प्रति दिखाई गई हिंसा पर आपत्ति जताते हुए एक जनहित याचिका दायर की गई थी। हालांकि, अदालत ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। याचिकाकर्ता ने फिल्म में बदलाव की मांग की है, जिससे मेडिकल समुदाय की छवि को नुकसान न पहुंचे। जानें इस मामले की पूरी कहानी और फिल्म की रिलीज की तारीख।
 

सनी देओल की फिल्म 'सूर्या' विवादों में




नई दिल्ली, 4 नवंबर। सनी देओल की आगामी फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' रिलीज से पहले ही विवादों में फंस गई है। फिल्म के टीजर और ट्रेलर में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति दिखाई गई हिंसा पर कुछ चिकित्सकों ने आपत्ति जताई है। उनका मानना है कि इस तरह के दृश्य मेडिकल समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी आधार पर दिल्ली हाईकोर्ट में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए जनहित याचिका दायर की गई थी।


हालांकि, अदालत ने इस याचिका पर सुनवाई के दौरान फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। याचिकाकर्ता ने अदालत में तर्क दिया कि फिल्म के टीजर में स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा को दर्शाया गया है। वकील ने कहा कि डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं और ऐसे में इस तरह के दृश्य चिंता का विषय हैं।


अदालत ने याचिका पर कोई रोक लगाने का आदेश नहीं दिया और कहा कि उन्हें इस जनहित याचिका पर विचार करने का कोई उचित कारण नहीं दिखता। हालांकि, कोर्ट ने याचिकाकर्ता को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के समक्ष अपना पक्ष रखने की अनुमति दी।


सुनवाई के बाद याचिकाकर्ता डॉ. नचिकेत भाटिया ने कहा, ''हम चाहते हैं कि फिल्म में ऐसे दृश्य और संवादों में बदलाव किया जाए, जो मेडिकल समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। टीजर में सनी देओल डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को बुरी तरह पीटते हुए नजर आते हैं। एक संवाद में सनी देओल कहते हैं- 'डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन नहीं, कमीशन लिखते हैं'... यह डॉक्टरों पर बेवजह आरोप लगाने जैसा है। हमारी चिंता है कि इससे डॉक्टरों और मरीजों के बीच का विश्वास प्रभावित हो सकता है।''


उन्होंने आगे कहा, ''टीजर में इसे 'अनबिलीवेबल ट्रू इवेंट्स' यानी अविश्वसनीय सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताया गया है। इससे दर्शक इसे वास्तविक स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ सकते हैं। हमने मांग की है कि फिल्म और उसके प्रमोशनल कंटेंट की समीक्षा की जाए, आपत्तिजनक हिस्सों में आवश्यक बदलाव किए जाएं और यह स्पष्ट किया जाए कि कहानी काल्पनिक है।''


फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है और इसमें सनी देओल मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


OTT