दिलजीत दोसांझ ने बदली दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख, जानें क्यों?
दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट अब 30 अक्टूबर को
मुंबई, 12 अक्टूबर। अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ ने अपने 'ऑरा इंडिया टूर' के तहत दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट की तारीख में बदलाव किया है। इस निर्णय पर राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने दिलजीत का आभार व्यक्त किया।
पहले यह कार्यक्रम 1 नवंबर को निर्धारित था, जो कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी के साथ मेल खाता था। सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए और पंजाबी प्रमोशन काउंसिल तथा अन्य प्रतिनिधियों की अपील पर, कॉन्सर्ट को अब 30 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
विक्रमजीत सिंह साहनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने दिलजीत को धन्यवाद दिया कि उन्होंने 1 नवंबर को प्रदर्शन न करने की उनकी अपील को स्वीकार किया। उन्होंने लिखा, "दिलजीत दोसांझ का दिल से धन्यवाद कि उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली में परफॉर्म न करने की हमारी अपील को मान लिया।"
उन्होंने आगे कहा, "दिलजीत पंजाब का सच्चा सपूत है, एक ग्लोबल आइकॉन और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है। उनकी संवेदनशीलता यह दर्शाती है कि इतनी ऊंचाई पर पहुंचने के बावजूद उनमें कितनी जिम्मेदारी और करुणा है।"
गौरतलब है कि 1 नवंबर 1984 का दिन भारतीय सिखों और पंजाबियों के लिए एक दुखद और काले अध्याय के रूप में जाना जाता है, जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सिखों के खिलाफ बड़े पैमाने पर दंगे भड़क उठे थे। 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की हत्या उनके ही सिख अंगरक्षकों द्वारा की गई थी।
इस हत्या के बाद, 1 नवंबर 1984 को दिल्ली सहित कई स्थानों पर सिखों के खिलाफ संगठित हिंसा, हत्याएं, आगजनी और लूटपाट की घटनाएं हुईं।
.png)