दिलजीत दोसांझ के फैन हैं गीता बसरा: जानें क्यों हैं वो उनके 'ऑल-टाइम फेवरेट'!
दिलजीत दोसांझ की अदाओं पर फिदा गीता बसरा
मुंबई, 25 अप्रैल। प्रसिद्ध गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ अपनी कला के लिए भारत और विश्वभर में मशहूर हैं। उनकी लोकप्रियता इस कदर है कि उनके कॉन्सर्ट के टिकट चंद मिनटों में बिक जाते हैं और सोशल मीडिया पर उनके फैंस उनकी हर अदा पर फिदा रहते हैं।
दिलजीत के प्रति दीवानगी केवल आम जनता में ही नहीं, बल्कि मनोरंजन उद्योग के बड़े नामों में भी देखी जाती है, जिनमें पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री गीता बसरा भी शामिल हैं।
गीता बसरा ने हाल ही में पंजाबी आइकन अवॉर्ड्स 2026 के दौरान दिलजीत के प्रति अपने प्रेम का इजहार किया। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि दिलजीत उनके 'ऑल-टाइम फेवरेट' पंजाबी कलाकार हैं।
अभिनेत्री ने दिलजीत की प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा, "वह न केवल एक बेहतरीन अभिनेता हैं, बल्कि एक अद्भुत गायक भी हैं। उनकी आवाज में ऐसा जादू है जो सीधे दिल में उतर जाता है। वह एक शानदार सिंगर और बेहतरीन एंटरटेनर हैं। वास्तव में, वह मनोरंजन का एक संपूर्ण पैकेज हैं।"
गीता ने यह भी कहा कि दिलजीत ने पंजाबी संस्कृति और संगीत को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा, "दिलजीत ने जिस तरह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया है, वैसा कम ही कलाकार कर पाए हैं। उन्होंने बड़े मंचों पर भारत का नाम रोशन किया है। मैं उनकी बहुत बड़ी फैन हूं।"
दिलजीत का चुलबुला व्यक्तित्व और अपनी जड़ों से जुड़े रहना उन्हें अन्य कलाकारों से अलग बनाता है। उनकी फिल्में और लाइव परफॉरमेंस में उनकी ऊर्जा हर किसी को झूमने पर मजबूर कर देती है।
दिलजीत जल्द ही अपनी नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के साथ दर्शकों के सामने आने वाले हैं। यह फिल्म 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक अधूरी प्रेम कहानी है, जिसमें वेदांग रैना, शरवरी वाघ और नसीरुद्दीन शाह महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
.png)