तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री विजय को फिल्म जगत से मिली बधाइयों की बौछार!
विजय का मुख्यमंत्री बनना: फिल्म इंडस्ट्री की प्रतिक्रियाएं
चेन्नई, 10 मई। तमिल सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता थलपति विजय ने हाल ही में चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके इस नए पद ग्रहण के साथ ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया। फिल्म उद्योग के कई प्रमुख सितारों ने विजय को शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुछ ने उन्हें 'वंडरमैन' कहा, जबकि अन्य ने इसे नई सदी की शुरुआत के रूप में देखा।
अभिनेता और राजनेता कमल हासन ने एक्स पर लिखा, "टीवीके अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री मेरे भाई विजय के नेतृत्व में राज्य लगातार चमके और नई ऊंचाइयों को हासिल करे।"
अभिनेता प्रकाश राज ने भी विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "मुख्यमंत्री विजय को हार्दिक शुभकामनाएं। आपको नई जिम्मेदारी में सफलता मिले। आपके शासन में तमिलनाडु और ज्यादा समृद्ध व मजबूत होगा।"
प्रकाश राज का यह पोस्ट चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, चुनाव के दौरान उन्होंने विजय के समर्थन में खुलकर बात की थी। जब विजय को सरकार बनाने का मौका नहीं दिया जा रहा था, तब प्रकाश राज ने कहा था कि जनता के फैसले का सम्मान होना चाहिए। अब विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके समर्थक प्रकाश राज के उस बयान को याद कर रहे हैं।
अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने भी विजय को विशेष अंदाज में शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह की एक तस्वीर साझा की, जिसमें विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते नजर आ रहे हैं। पूजा ने लिखा, ''मुख्यमंत्री विजय सर। आपको नए सफर के लिए बधाई।''
प्रसिद्ध निर्देशक एआर मुरुगदॉस ने विजय के नए राजनीतिक सफर को 'नई सदी की शुरुआत' कहा।
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने भी विजय को बधाई देते हुए लिखा, ''तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर विजय को हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि नई सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरे और तमिलनाडु को विकास की नई राह पर आगे बढ़ाए।''
प्रसिद्ध कोरियोग्राफर और अभिनेता प्रभुदेवा ने विजय को 'वंडरमैन' कहते हुए बधाई दी। अभिनेता विष्णु मांचू ने विजय को नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ''क्या सफर रहा, क्या पॉलिटिकल ड्रामा रहा और क्या ऐतिहासिक अंत रहा। विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई। यह एक शानदार सफलता रही है।''
संगीतकार संतोष नारायणन ने भी विजय को बधाई देते हुए लिखा, ''मुख्यमंत्री विजय को हार्दिक शुभकामनाएं। यह तमिलनाडु के लिए नई सोच और नई शुरुआत का मौका है।''
अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी विजय को बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर विजय को हार्दिक बधाई। आप इसके हकदार हैं। मेरी ओर से आपको और आपकी टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।'
.png)