टीनू आनंद की सेहत में सुधार: जल्द लौटेंगे काम पर!
टीनू आनंद की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार
मुंबई, 13 नवंबर। अभिनेता और फिल्म निर्माता टीनू आनंद की सेहत को लेकर सकारात्मक समाचार सामने आया है। पसलियों में फ्रैक्चर के कारण अस्पताल में भर्ती होने के बाद, टीनू अब धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। उन्होंने अपनी सेहत के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वह पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनकी तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है।
अभिनेता को उम्मीद है कि वह जल्द ही अपने काम पर लौट सकेंगे। उन्होंने बताया कि संभवतः अगले महीने से वह फिर से शूटिंग शुरू कर देंगे।
टीनू आनंद के इस बयान ने उनके प्रशंसकों और फिल्म उद्योग के लोगों को राहत दी है। दरअसल, उनकी पांच पसलियों में फ्रैक्चर हुआ था, जिसमें से एक टूटी हुई पसली फेफड़े में चुभ गई थी, जिससे फेफड़े में छेद हो गया था। इस गंभीर स्थिति के कारण उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी थी।
हालांकि, अस्पताल से घर लौटने के बाद भी उनकी परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं हुई। पसलियों में चोट के कारण उन्हें उठने-बैठने, बिस्तर से उठने और करवट बदलने में दर्द का सामना करना पड़ रहा था। यहां तक कि बोलने में भी उन्हें असहजता महसूस हो रही थी। घर पर उनकी फिजियोथेरेपी की जा रही थी। फिलहाल, अभिनेता ने अपनी सेहत में सुधार की जानकारी दी है और अगले महीने से शूटिंग शुरू करने की उम्मीद जताई है।
टीनू आनंद हिंदी सिनेमा का एक प्रसिद्ध नाम हैं। उनका असली नाम वीरेंद्र राज आनंद है। उन्होंने महान फिल्मकार सत्यजीत रे के साथ लगभग पांच साल तक सहायक निर्देशक के रूप में काम किया। इस दौरान वह 'गूपी गाइन बाघा बाइन', 'अरण्येर दिन रात्रि' और 'प्रतिद्वंद्वी' जैसी फिल्मों से जुड़े रहे।
इसके बाद, टीनू आनंद मुंबई लौटे और निर्देशन की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ 'कालिया', 'शहंशाह', 'मैं आजाद हूं' और 'मेजर साब' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। बतौर अभिनेता भी उन्होंने कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। 'अग्निपथ', 'घातक', 'बॉम्बे', 'खिलाड़ी', 'दबंग', 'दबंग 2', 'सालार: पार्ट 1' और 'लकी भास्कर' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को देखा गया।
टीनू आनंद हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु और बंगाली फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।
.png)