Movie prime

जैरेड लेटो: हॉलीवुड का बहुआयामी सितारा और रॉक बैंड का लीड सिंगर

जैरेड लेटो, हॉलीवुड के एक बहुआयामी कलाकार, ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण मील के पत्थर हासिल किए हैं। अभिनेता, गायक और निर्माता के रूप में उनकी पहचान अद्वितीय है। 'डलास बायर्स क्लब' में उनके दमदार अभिनय ने उन्हें ऑस्कर दिलाया। इसके अलावा, वे 'थर्टी सेकंड्स टू मार्स' के लीड सिंगर भी हैं। जानें उनके संघर्ष, सफलता और विवादों के बारे में इस लेख में।
 
जैरेड लेटो: हॉलीवुड का बहुआयामी सितारा और रॉक बैंड का लीड सिंगर

जैरेड लेटो का अद्वितीय सफर




नई दिल्ली, 25 दिसंबर। हॉलीवुड के बहुआयामी कलाकारों में जैरेड लेटो का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। अभिनेता, गायक और निर्माता के रूप में उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है, जो उन्हें समकालीन अंतरराष्ट्रीय कलाकारों से अलग करती है। उनका जन्म 26 दिसंबर 1971 को अमेरिका के लुइसियाना में हुआ। कठिन पारिवारिक परिस्थितियों में पले-बढ़े जैरेड ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर मनोरंजन जगत में ऊंचा मुकाम हासिल किया।


जैरेड लेटो ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की। 1990 के दशक में टीवी सीरीज 'माय सो-कॉल्ड लाइफ' से उन्हें युवा दर्शकों के बीच पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने फिल्मों की ओर रुख किया और 'फाइट क्लब' (1999) जैसी चर्चित फिल्म में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। हालांकि, शुरुआती दौर में उन्हें सहायक भूमिकाएं मिलीं, लेकिन इन भूमिकाओं ने उनकी अभिनय क्षमता को गंभीर कलाकार के रूप में स्थापित किया।


उनके करियर का सबसे महत्वपूर्ण मोड़ 2013 में आई फिल्म 'डलास बायर्स क्लब' से आया। इस फिल्म में उन्होंने एक ट्रांसजेंडर महिला रेयॉन का किरदार निभाया। इस भूमिका के लिए उन्होंने न केवल शारीरिक रूप से खुद को पूरी तरह बदला, बल्कि किरदार की भावनात्मक गहराई को भी बारीकी से पर्दे पर उतारा। इस दमदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का ऑस्कर पुरस्कार मिला। आलोचकों ने इसे उनके करियर का ऐतिहासिक प्रदर्शन माना।


अभिनय के साथ-साथ जैरेड लेटो संगीत की दुनिया में भी सक्रिय हैं। वे मशहूर रॉक बैंड 'थर्टी सेकंड्स टू मार्स' के लीड सिंगर और संस्थापक हैं। यह बैंड वैकल्पिक रॉक और एरिना रॉक शैली के लिए जाना जाता है। उनके एल्बम 'अ ब्यूटीफुल लाई' और 'दिस इज वॉर' को वैश्विक स्तर पर लोकप्रियता मिली। संगीत के माध्यम से लेटो ने युवा पीढ़ी के बीच एक अलग सांस्कृतिक पहचान बनाई।


जैरेड का विवादों से भी गहरा नाता रहा है। 2025 में कई महिलाओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, हालांकि उन्होंने इसे बेबुनियाद बताया।


अमेरिकी फिल्म समीक्षक और लेखक टिमोथी शैरी की पुस्तक “अमेरिकन इंडिपेंडेंट सिनेमा: एन इंट्रोडक्शन” में 'डलास बायर्स क्लब' में जैरेड लेटो के अभिनय की बारीकियों का उल्लेख किया गया है। इस किताब में बताया गया है कि कैसे लेटो जैसे अभिनेता स्वतंत्र सिनेमा और मुख्यधारा हॉलीवुड के बीच की खाई को पाटते हैं और जोखिम भरे किरदारों को स्वीकार करते हैं।


इंडस्ट्री जानती है कि लेटो अपनी भूमिका में कितना डूब कर काम करते हैं। उन्होंने 'चैप्टर 27' (2007) में मार्क डेविड चैपमैन का किरदार निभाने के लिए 62 पाउंड वजन बढ़ाया। इसके बाद वापस शेप में आने के लिए नींबू का रस, मेपल सिरप, केयेन काली मिर्च और पानी वाली सिर्फ लिक्विड डाइट लेकर वजन कम किया। उन्होंने 10 दिनों में 20 पाउंड वजन कम किया।


इससे पहले फिल्म 'रेक्विम फॉर ए ड्रीम' (2000) में ड्रग एडिक्ट के अपने रोल की तैयारी करते समय, जैरेड ने 28 पाउंड वजन कम किया। लेटो मानते हैं कि हैरी गोल्डफार्ब का किरदार निभाना "मेरे लिए सबसे मुश्किल था।"


बाद के वर्षों में जैरेड लेटो ने 'सुसाइड स्क्वाड' में 'जोकर' और 'ब्लेड रनर 2049' में नियांडर वॉलेस जैसे जटिल और विवादित किरदार निभाए। उनके अभिनय को लेकर राय भले ही बंटी रही हो, लेकिन यह साफ है कि वे सेफ भूमिकाओं से हमेशा दूरी बनाते हैं।


OTT