Movie prime

चिरंजीवी ने उठाई एआई और डीपफेक के दुरुपयोग की चिंता, अमित शाह को सौंपा ज्ञापन

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार चिरंजीवी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता जताई है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद, इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एआई और डीपफेक के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा उपायों की मांग की गई है। चिरंजीवी ने कलाकारों की गरिमा और पहचान की रक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया है।
 

चिरंजीवी की पहल: एआई और डीपफेक के दुरुपयोग पर चिंता




मुंबई, 16 नवंबर। साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता चिरंजीवी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डीपफेक तकनीक के गलत उपयोग को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है।


उन्होंने हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद, उनकी सलाह पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन गृह मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को संबोधित किया गया है, जिसमें एआई और डीपफेक के दुरुपयोग को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा उपायों की मांग की गई है।


चिरंजीवी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ''केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हाल ही में हुई मुलाकात के बाद, मैंने जी. किशन रेड्डी को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें एआई के दुरुपयोग, डीपफेक और डिजिटल पहचान की नकल को रोकने के लिए और अधिक सुरक्षा उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।''


उन्होंने आगे कहा, ''मैं किशन रेड्डी का आभारी हूं कि उन्होंने इस मुद्दे को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है। कलाकारों की गरिमा और पहचान की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। तकनीक का उपयोग रचनात्मकता को बढ़ाने के लिए होना चाहिए, न कि किसी की गरिमा को नुकसान पहुंचाने के लिए।''


चिरंजीवी ने 2 नवंबर को अपने बेटे राम चरण के साथ हैदराबाद में अमित शाह से मुलाकात की थी, जहां उन्होंने एआई और डीपफेक तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि यह तकनीक कलाकारों की पहचान और अधिकारों के लिए खतरा बन सकती है।


इस मुलाकात के बाद, चिरंजीवी ने कहा कि अमित शाह ने उनकी चिंताओं को गंभीरता से लिया और इस मुद्दे पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले की जांच करेगी और एआई तथा डीपफेक के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त नियमों पर विचार करेगी।


OTT