Movie prime

गिप्पी ग्रेवाल की संघर्ष की कहानी: सिक्योरिटी गार्ड से सुपरस्टार बनने तक का सफर

गिप्पी ग्रेवाल ने हाल ही में 'शेखर टुनाइट' शो में अपने संघर्ष और सफलता की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से शुरुआत की और अपनी पत्नी के साथ मिलकर कठिनाइयों का सामना किया। जानें उनकी प्रेरणादायक कहानी और कैसे उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान बनाई।
 
गिप्पी ग्रेवाल की संघर्ष की कहानी: सिक्योरिटी गार्ड से सुपरस्टार बनने तक का सफर

गिप्पी ग्रेवाल का अनकहा सफर




मुंबई, 19 जून। अभिनेता शेखर सुमन का टॉक शो 'शेखर टुनाइट' हर एपिसोड में दर्शकों को मशहूर हस्तियों की जिंदगी के उन पहलुओं से परिचित कराता है, जो आमतौर पर सुर्खियों से दूर रहते हैं। हाल ही में, पंजाबी सुपरस्टार गिप्पी ग्रेवाल ने इस शो में अपनी अनसुनी कहानियों को साझा किया।


गिप्पी ग्रेवाल इन दिनों अपनी नई फिल्म 'कैरी ऑन जट्टा 4' को लेकर चर्चा में हैं। इस दौरान उन्होंने शो के होस्ट शेखर सुमन के साथ अपने संघर्षों और उस रिश्ते के बारे में बात की, जिसने हर कठिनाई में उनका साथ दिया।


गिप्पी ने कहा, ''स्टारडम की यात्रा आसान नहीं थी। मैंने पहले म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और तीन एल्बम जारी किए, लेकिन वे कोई खास पहचान नहीं बना पाए। लगातार असफलताओं के बाद, मैंने शादी कर अपनी पत्नी के साथ कनाडा जाने का निर्णय लिया। वहां पहुंचकर मुझे अपनी जिंदगी को नए सिरे से शुरू करना पड़ा, क्योंकि न तो मेरी कोई पहचान थी और न ही आय का कोई साधन।''


उन्होंने आगे बताया, ''मेरी पहली नौकरी सिक्योरिटी गार्ड की थी। इसके बाद मैं एक साथ तीन नौकरियों में काम कर रहा था। सुबह मैं और मेरी पत्नी अखबार बांटते थे, फिर वह अपने काम पर चली जाती थीं। वह एक सैंडविच रेस्टोरेंट में मैनेजर थीं। शाम को हमने एक मॉल में सफाई का कॉन्ट्रैक्ट लिया हुआ था। उस समय हम सिर्फ दो लोग थे, मैं और मेरी पत्नी। हम दोनों ने मिलकर हर कठिनाई का सामना किया।''


गिप्पी ने कहा, ''इन कठिन दिनों में हमारा रिश्ता और भी मजबूत हुआ। हम दोनों मिलकर हर दिन काम करते थे और अपने भविष्य के बारे में चर्चा करते थे कि हमें क्या करना है, कैसे आगे बढ़ना है। हमने अपनी कमाई को बचाया और उसी पैसे से मैंने अपना अगला एल्बम बनाया, जिसने मुझे इंडस्ट्री में पहचान दिलाई।''


'शेखर टुनाइट' शो यूट्यूब पर प्रसारित होता है।


OTT