क्या है KL राहुल की शानदार जीत के पीछे की कहानी? जानें Athiya Shetty की खास प्रतिक्रिया!
दिल्ली कैपिटल्स की जीत और अथिया शेट्टी का प्यार
मुंबई, 11 अप्रैल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी केएल राहुल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 93 रन बनाकर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। इस जीत के बाद, उनकी पत्नी और अभिनेत्री अथिया शेट्टी ने सोशल मीडिया पर अपने प्यार का इजहार किया।
दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को छह विकेट से हराया। अथिया ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर राहुल की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच जीतने के बाद बल्ला उठाते हुए नजर आ रहे हैं।
अथिया ने तस्वीर के साथ लिखा, "यह लड़का, उफ्फ!"
गौरतलब है कि राहुल और अथिया ने जनवरी 2023 में शादी की थी और नवंबर 2024 में प्रेग्नेंसी की खुशखबरी साझा की थी। इस सेलिब्रिटी जोड़े ने 24 मार्च को इंस्टाग्राम पर बताया कि उनके घर नन्ही परी आई है।
अथिया शेट्टी ने अपने करियर की शुरुआत 2015 में फिल्म ‘हीरो’ से की थी, जो सुभाष घई की 1983 की क्लासिक फिल्म का रीमेक है। इसके बाद, वह ‘मुबारकां’ में अनिल कपूर और अर्जुन कपूर के साथ नजर आईं। उनकी आखिरी फिल्म नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ ‘मोतीचूर चकनाचूर’ थी।
बात करें केएल राहुल की, तो वह आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं, जिनके कप्तान अक्षर पटेल हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने 'एक्स' पर राहुल के स्वागत का वीडियो साझा करते हुए लिखा, "डियर केएल राहुल, आपका अपने घर में और दिल्ली में स्वागत है।"