Movie prime

क्या है ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ की 15वीं वर्षगांठ पर अली अब्बास जफर की खास यादें?

फिल्म निर्माता अली अब्बास जफर ने अपनी पहली फिल्म ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ की 15वीं वर्षगांठ मनाई। इस अवसर पर उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने फिल्म की खासियतों और कलाकारों का जिक्र किया। फिल्म की कहानी कुश अग्निहोत्री के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने भाई के लिए दुल्हन खोजने की कोशिश करता है, लेकिन खुद उसी लड़की से प्यार कर बैठता है। जानें इस फिल्म के गाने और कलाकारों के बारे में।
 

फिल्म की 15वीं वर्षगांठ का जश्न


मुंबई, 10 सितंबर (वेब वार्ता)। फिल्म निर्माता अली अब्बास जफर की 2011 में आई फिल्म ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ ने आज 15 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर, अली ने अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया और फिल्म को विशेष बताया।


फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए अली अब्बास जफर ने लिखा, ”फिल्में बनाते हुए 15 साल हो गए हैं। यहीं से सब शुरू हुआ। पहली फिल्म हमेशा खास होती है।’


उन्होंने इस पोस्ट में फिल्म के कलाकारों को भी टैग किया।


‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ अली अब्बास जफर की निर्देशन में पहली फिल्म थी, जिसमें उन्होंने कहानी भी लिखी थी। इससे पहले, वह यशराज फिल्म्स में सहायक निर्देशक के रूप में काम कर चुके थे। ‘झूम बराबर झूम’, ‘टशन’, ‘न्यूयॉर्क’ और ‘बदमाश कंपनी’ जैसी फिल्मों में काम करने के बाद उन्हें अपनी कहानी को पर्दे पर लाने का अवसर मिला।


अली अब्बास जफर का संबंध देहरादून से है, और फिल्म की कहानी का एक हिस्सा भी इसी शहर से जुड़ा हुआ है। फिल्म की कहानी कुश अग्निहोत्री के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे इमरान खान ने निभाया था। कुश के बड़े भाई लव अग्निहोत्री यानी अली जफर विदेश में अपने रिश्ते को खत्म करने के बाद एक नई दुल्हन की तलाश की जिम्मेदारी छोटे भाई को सौंपते हैं। कुश अपने भाई के लिए लड़की खोजने के लिए विभिन्न जगहों पर जाता है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिलती।


इसी दौरान, अखबार में शादी का विज्ञापन देने के बाद उसकी मुलाकात डिंपल दीक्षित से होती है, जिसे कैटरीना कैफ ने निभाया था। डिंपल एक बेबाक और मस्तमौला लड़की है। कुश उसे पांच साल पहले कॉलेज में मिल चुका था और अचानक उसे देखकर हैरान रह जाता है। फिर भी, वह अपने भाई लव और डिंपल की शादी करवाने के लिए तैयार हो जाता है। डिंपल भी लव से बातचीत के बाद इस रिश्ते के लिए हां कर देती है।


यहीं से कहानी में असली उलझन शुरू होती है, क्योंकि भाई के लिए दुल्हन खोजने वाला कुश खुद उसी लड़की को पसंद करने लगता है। आगे क्या होता है, यही कहानी को दिलचस्प बनाता है।


फिल्म में इमरान खान, कैटरीना कैफ, अली जफर और तारा डिसूजा मुख्य भूमिकाओं में थे। परिक्षित साहनी ने कुश के पिता का किरदार निभाया, जबकि कंवलजीत सिंह डिंपल के पिता की भूमिका में नजर आए। जॉन अब्राहम ने फिल्म में स्पेशल अपीयरेंस किया था।


‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ के गाने भी फिल्म की पहचान बने। ‘धुनकी’, ‘मधुबाला’, ‘इश्क रिस्क’ और ‘मेरा ब्रदर की दुल्हन’ जैसे गाने दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए।


OTT