क्या है 'सरके चुनर' विवाद? एआईसीडब्ल्यूए ने उठाई बैन की मांग
गाने 'सरके चुनर' पर विवाद गहराया
मुंबई, 17 मार्च। फिल्म 'केडी: द डेविल' का गाना 'सरके चुनर तेरी सरके' विवादों में घिर गया है। अब इस मुद्दे पर फिल्म इंडस्ट्री के प्रमुख संगठनों ने भी अपनी आवाज उठाई है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने इस गाने के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए इसे तुरंत बैन करने की मांग की है।
एआईसीडब्ल्यूए ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के चेयरमैन प्रसून जोशी को एक पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' के प्रति अपनी कड़ी आपत्ति व्यक्त की है। एसोसिएशन का कहना है कि इस गाने में अश्लील और डबल मीनिंग कंटेंट का प्रयोग किया गया है, जो भारतीय सिनेमा की छवि को नुकसान पहुंचाता है।
एआईसीडब्ल्यूए ने सरकार से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से अनुरोध किया है कि फिल्मों और गानों में बढ़ते अश्लील कंटेंट पर रोक लगाने के लिए सख्त नियम बनाए जाएं। उनका मानना है कि यदि इस पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया, तो इसका नकारात्मक प्रभाव समाज, विशेषकर युवाओं पर पड़ेगा।
एसोसिएशन ने अपनी मांगों में कहा है कि इस गाने को सभी प्लेटफार्मों से तुरंत हटाया जाए और इस पर पूर्ण बैन लगाया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से फिल्म की दोबारा जांच करने की भी मांग की है। इसके अलावा, प्रोड्यूसर और गाने से जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की गई है।
एआईसीडब्ल्यूए ने यह भी संदेह व्यक्त किया है कि क्या यह विवाद जानबूझकर पब्लिसिटी के लिए किया गया है, इसलिए इसकी जांच भी आवश्यक है।
यह विवाद गाने के रिलीज होते ही शुरू हो गया था। गाना नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया है। इसके बोल रकीब आलम ने लिखे हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अश्लील करार दिया। विवाद तब और बढ़ गया जब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने भी इस मामले में नोटिस जारी किया। इसके अलावा, वकील विनीत जिंदल ने भी गाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और इसे बैन करने की मांग की।
.png)