क्या है 'सरके चुनरिया' गाने का विवाद? जानें केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का बयान
सरके चुनरिया गाने पर बैन का मामला संसद तक पहुंचा
मुंबई, 18 मार्च। कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' के विवादास्पद गाने 'सरके चुनरिया' को लेकर चल रहा विवाद अब संसद में भी चर्चा का विषय बन गया है। लोकसभा में इस मुद्दे पर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस गाने पर बैन लगा दिया गया है।
अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में कहा कि गाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अभिव्यक्ति की आजादी के तहत कुछ सीमाएं होनी चाहिए, लेकिन यह पूरी तरह से अनियंत्रित नहीं हो सकती। यह समाज और संस्कृति के मूल्यों के अनुरूप होना आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा, ''डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के युग में सामग्री तेजी से फैलती है, इसलिए सरकार की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। खासकर बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने होंगे। सरकार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।''
गाना 'सरके चुनरिया' फिल्म 'केडी: द डेविल' का हिस्सा है, जिसमें नोरा फतेही और संजय दत्त मुख्य भूमिका में हैं। गाने के रिलीज होते ही इसके बोल और डांस स्टेप्स को लेकर सोशल मीडिया पर तीव्र विरोध शुरू हो गया। कई लोगों ने इसे अश्लील और डबल मीनिंग बताते हुए आपत्ति जताई।
विवाद बढ़ने पर कई संगठनों ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने इस गाने को तुरंत बैन करने की मांग की और इसे भारतीय सिनेमा की छवि के खिलाफ बताया। उन्होंने सरकार से सख्त नियम बनाने की भी अपील की।
इस विवाद के बीच गाने को यूट्यूब और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया। इस दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि बॉलीवुड में अश्लीलता की सीमाएं पार हो चुकी हैं, जिस पर सख्ती जरूरी है।
वहीं, विवाद बढ़ने पर गाने के गीतकार रकीब आलम ने भी सफाई दी और कहा कि उन्होंने इस गाने को मूल रूप से नहीं लिखा था, बल्कि यह कन्नड़ में पहले से लिखा गया था और उन्होंने केवल उसका हिंदी अनुवाद किया था।
.png)