क्या है 'समर ऑफ 77' में स्वानंद किरकिरे और सुधीर मिश्रा की जोड़ी का जादू?
स्वानंद किरकिरे और सुधीर मिश्रा का नया प्रोजेक्ट
मुंबई, 5 मई। प्रसिद्ध लेखक, गीतकार और संगीतकार स्वानंद किरकिरे एक बार फिर दिग्गज फिल्म निर्देशक सुधीर मिश्रा के साथ मिलकर आगामी राजनीतिक ड्रामा सीरीज 'समर ऑफ 77' पर काम कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट के बारे में स्वानंद ने अपने अनुभव साझा किए।
स्वानंद ने सुधीर मिश्रा के साथ काम करने को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा, ''सुधीर मिश्रा अपनी कहानियों को ईमानदारी और गहराई से प्रस्तुत करते हैं, जो उन्हें एक अलग पहचान देती है। उनके साथ काम करना हमेशा सीखने का अनुभव होता है, क्योंकि वह हर पहलू को संवेदनशीलता से समझते हैं और उसे स्क्रीन पर उतारते हैं।''
इससे पहले, स्वानंद और सुधीर ने कई यादगार प्रोजेक्ट्स पर साथ काम किया है, जैसे कि 'हजारों ख्वाहिश ऐसी' का प्रसिद्ध गीत 'बावरा मन' और फिल्म 'खोया खोया चांद'।
स्वानंद ने कहा, '''समर ऑफ 77' मेरा और सुधीर का पांचवां प्रोजेक्ट है। सुधीर की खासियत यह है कि वह अपनी फिल्मों में संगीत को पूरा स्पेस देते हैं। आजकल, कई बार संगीत केवल औपचारिकता बनकर रह जाता है, लेकिन सुधीर इसे कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाते हैं। जब निर्देशक संगीत पर भरोसा करते हैं, तो एक संगीतकार को भी कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है।''
'समर ऑफ 77' की कहानी 1975 से 1977 के इमरजेंसी दौर पर आधारित है। इस सीरीज में आठ एपिसोड होंगे, जो उस समय के युवाओं की सोच, विद्रोह, सपनों और पहचान की खोज को दर्शाएंगे।
स्वानंद ने कहा, ''मैं अपनी पिछली फिल्म 'बैंडवाले' के बाद ऐसे प्रोजेक्ट की तलाश में था, जिसमें संगीत कहानी का हिस्सा बने। 'समर ऑफ 77' ने मुझे यह अवसर दिया। इस तरह की कहानी के लिए संगीत बनाना आसान नहीं होता, क्योंकि इसमें उस दौर की आत्मा को पकड़ना जरूरी है। यह सीरीज उस समय की कहानी है, जहां संगीत, कविता और अभिव्यक्ति ने लोगों की आवाज बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस सीरीज के लिए मैंने कुल छह गाने कंपोज किए हैं, जिनमें से तीन गानों को मैंने अपनी आवाज भी दी है।''
.png)