Movie prime

क्या है विक्की कौशल की अनोखी नींद की आदत? जानिए सनी कौशल की मजेदार कहानी!

बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल की नींद में बातें करने की अनोखी आदत ने उनके परिवार को हमेशा चकित किया है। उनके भाई सनी कौशल ने 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में इस मजेदार किस्से का जिक्र किया, जिसमें विक्की गहरी नींद में भी अपने पेपर चेक करने की बात करते हैं। जानिए इस दिलचस्प कहानी के बारे में और कैसे विक्की की यह आदत उनके परिवार के लिए हंसी का कारण बनती है।
 

विक्की कौशल की नींद में बातें करने की अनोखी आदत

मुंबई, 15 नवंबर। बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता विक्की कौशल की अदाकारी के फैंस दीवाने हैं। उनके बचपन का एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है, जिसमें उनके परफॉर्मेंस का अंदाज भी खास था। विक्की अक्सर सोते समय ऐसी बातें करते थे कि परिवार वाले भी चकित रह जाते थे। कभी वह अचानक उठकर अपने भाई सनी कौशल से पेपर चेक करने के लिए कहते, तो कभी मां से शिकायत करते कि कोई उनका पर्स छीनकर ले गया है। इस मजेदार आदत का जिक्र सनी ने 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में किया था।


सनी और विक्की कौशल शो के पहले सीजन में एक साथ आए थे। बातचीत के दौरान सनी ने बताया कि उनके बड़े भाई नींद में सिर्फ बड़बड़ाते नहीं थे, बल्कि ऐसा लगता था जैसे वह किसी नाटक का पूरा सीन कर रहे हों। कई बार सनी को यह समझना मुश्किल होता था कि विक्की सच में जाग रहे हैं या फिर नींद में ही बोल रहे हैं।


सनी ने कहा, 'बचपन में वह नींद में बातें करते थे। आमतौर पर लोग नींद में कुछ बड़बड़ाते हैं, लेकिन विक्की तो पूरी परफॉर्मेंस देते थे। मुझे समझ नहीं आता था कि वह जाग रहे हैं या सो रहे हैं।'


सनी ने एक मजेदार किस्सा साझा किया, जिससे शो में मौजूद सभी लोग हंस पड़े। उन्होंने बताया, 'एक रात हम दोनों भाई एक ही कमरे में सो रहे थे। विक्की मुझसे 45 मिनट पहले सो गए थे और गहरी नींद में थे। मैं सोने की तैयारी कर रहा था, तभी अचानक विक्की ने अपनी चादर हटाई और मुझसे कहा, 'चेक करो।''


सनी ने कहा, 'मुझे समझ नहीं आया कि वह किस चीज की बात कर रहे हैं। मैंने पूछा कि क्या चेक करना है? इस पर विक्की ने नींद में ही जवाब दिया, 'मेरा पेपर हो गया है, चेक करो।' यह सुनकर मैं हैरान रह गया। वह गहरी नींद में था लेकिन बातें ऐसे कर रहा था जैसे अभी एग्जाम देकर उठा हो और अब उसे अपना पेपर चेक करवाना हो।'


सनी ने कहा, 'मुझे समझ में आ गया कि मेरा भाई नींद में बातें कर रहा है। ऐसे में मैंने उसे जगाने की बजाय उससे बातचीत जारी रखी। कुछ देर बाद विक्की फिर से सो गए।'


सनी ने यह भी बताया कि यह आदत सिर्फ उनके साथ ही नहीं, बल्कि विक्की की मां के साथ भी एक बार ऐसा ही हुआ था। विक्की ने खुद इस घटना को याद करते हुए बताया कि एक रात वह नींद में अचानक उठे और चिल्लाने लगे कि कोई उनकी मां का पर्स छीनकर ले गया है।


OTT