क्या है वरुण धवन का बर्थडे जैम? जानिए 'है जवानी तो इश्क होना है' का नया गाना 'वाओ'
फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' का नया गाना 'वाओ' रिलीज
मुंबई, 24 अप्रैल। निर्देशक डेविड धवन ने अपनी नई फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' के साथ लंबे समय बाद निर्देशन में वापसी की है। शुक्रवार को फिल्म के निर्माताओं ने दर्शकों को एक सरप्राइज देते हुए गाना 'वाओ' लॉन्च किया।
दिलचस्प बात यह है कि इस गाने को बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन के जन्मदिन के अवसर पर पेश किया गया, जिसे उन्होंने अपने बर्थडे जैम के रूप में स्वीकार किया।
वरुण ने इंस्टाग्राम पर गाने का एक क्लिप साझा करते हुए लिखा, "मेरे जन्मदिन पर यह गाना रिलीज हुआ है और मैं इसे लेकर बेहद उत्साहित हूं। मैं उन सभी का दिल से धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मेरे इस खास दिन को और भी खास बना दिया।"
यह गाना एक शानदार डांस ट्रैक है, जिसे सुनते ही लोग थिरकने लगते हैं। गाने में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की बेहतरीन केमिस्ट्री और डांस मूव्स देखने को मिलते हैं।
गाने को पंजाबी गायक हार्डी संधू और किरण बाजवा ने अपनी आवाज दी है, जबकि तनिष्क बागची, रोनी अजनाली और गिल मछराई ने इसे कंपोज किया है। रोनी और गिल ने इसके बोल भी लिखे हैं।
गायक हार्डी संधू ने गाने के बारे में अपने विचार साझा करते हुए कहा, "जब मैंने पहली बार यह गाना सुना, तो मुझे इसमें एक खास चमक नजर आई। इसकी ऊर्जा इतनी जबरदस्त है कि आप इसे सिर्फ सुनते नहीं, बल्कि महसूस करते हैं।"
किरण बाजवा ने इसे चुलबुला और बोल्ड बताया, और कहा कि यह गाना पार्टी प्रेमियों के लिए एकदम सही है। कंपोजर तनिष्क बागची ने बताया कि उनका उद्देश्य इस गाने को आज के समय के अनुसार दमदार बनाना था। उन्होंने कहा, "इस गाने की बीट्स इतनी मजेदार हैं कि यह हर किसी को नाचने पर मजबूर कर देगी।"
टिप्स म्यूजिक के कुमार तौरानी ने गाने की सफलता पर विश्वास जताते हुए कहा कि अच्छा संगीत हमेशा अपनी जगह बना लेता है। उन्होंने बताया कि हार्डी संधू की आवाज और वरुण, मृणाल व पूजा के विजुअल्स ने मिलकर इस गाने को अद्वितीय बना दिया है।
.png)