क्या है वरुण धवन और मृणाल ठाकुर की नई फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' की खासियत?
फिल्म का रोमांटिक अंदाज
मुंबई, 8 अप्रैल। वरुण धवन और मृणाल ठाकुर अपनी नई रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का फर्स्ट लुक पूजा हेगड़े के साथ साझा करने के बाद, मेकर्स ने अब वरुण और मृणाल की एक खूबसूरत तस्वीर जारी की है, जो दर्शकों को काफी पसंद आ रही है।
दोनों कलाकारों ने इंस्टाग्राम पर एक प्यारी तस्वीर साझा की है, जिसमें वरुण मृणाल को गले लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में उनकी केमिस्ट्री देखने लायक है। वरुण और मृणाल ने इस तस्वीर के साथ लिखा, “लेकिन जवानी में इश्क बार-बार होता है।”
फैंस इस जोड़ी को देखकर बेहद उत्साहित हैं। एक यूजर ने लिखा, “मृणाल और वरुण को देखने का अब और इंतजार नहीं कर सकता।” वहीं, दूसरे ने कहा, “इनकी केमिस्ट्री तो कमाल की है।” एक अन्य यूजर ने लिखा, "इस नई जोड़ी को स्क्रीन पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।"
फिल्म की कहानी जवानी, प्यार और मस्ती के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें हल्का-फुल्का मनोरंजन और रोमांस का तड़का देखने को मिलेगा।
‘है जवानी तो इश्क होना है’ का निर्देशन डेविड धवन कर रहे हैं। इस फिल्म में वरुण धवन के साथ पूजा हेगड़े भी मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा, मृणाल ठाकुर, मौनी रॉय, चंकी पांडे, मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, राकेश बेदी और अली असगर जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह फिल्म वरुण और उनके पिता डेविड धवन का चौथा सहयोग है। इससे पहले, दोनों ने ‘मैं तेरा हीरो’ (2014), ‘जुड़वा 2’ (2017) और ‘कुली नंबर 1’ (2020) में साथ काम किया है। यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
.png)