क्या है 'राजा शिवाजी' फिल्म की खासियत? रितेश देशमुख ने किया कमाल!
फिल्म 'राजा शिवाजी' की शानदार शुरुआत
मुंबई, 1 मई। रितेश देशमुख की फिल्म 'राजा शिवाजी' अब सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। इस फिल्म को रितेश ने न केवल अभिनीत किया है, बल्कि इसे निर्देशित और निर्मित भी किया है। फिल्म की मस्टीस्टारर कास्ट के चलते दर्शकों को इससे काफी उम्मीदें हैं।
फिल्म की रिलीज के साथ ही दर्शकों ने इसे दिल से अपनाया है। पहले शो के बाद दर्शकों की आंखों में आंसू थे, जो शिवाजी महाराज के संघर्ष को देखकर बह निकले। कई दर्शकों ने इसे एक मास्टरपीस करार दिया है।
एक महिला दर्शक ने कहा कि फिल्म बेहद इमोशनल है, क्योंकि इसमें शिवाजी महाराज की जिंदगी की कठिनाइयों को बहुत संवेदनशीलता से दर्शाया गया है। उन्होंने कहा, "फिल्म देखते समय मेरी आंखों में आंसू थे, और इसका दूसरा भाग तो अद्भुत है। अभिषेक बच्चन की एंट्री भी शानदार है, लेकिन सलमान खान का आना तो एक अलग ही मजा दे गया।"
एक अन्य महिला दर्शक ने बताया कि सभी को शिवाजी महाराज की कहानी और उनके संघर्षों के बारे में जानना चाहिए। फिल्म में हर पहलू को बारीकी से पेश किया गया है। उनका मानना है कि यह फिल्म हर वर्ग के दर्शकों के लिए देखना जरूरी है, क्योंकि यह हमारे देश के इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। रितेश के निर्देशन पर उन्होंने कहा कि यह उनकी पहली फिल्म होने के बावजूद बहुत अच्छे से निर्देशित की गई है।
एक परिवार के साथ फिल्म देखने पहुंचे दर्शक ने कहा, "फिल्म में शिवाजी महाराज का असली ओरा दिखाया गया है। हर चीज पर्दे पर प्रमाणिक लग रही थी, और संजय दत्त का किरदार और उनका अभिनय लाजवाब था।" उन्होंने फिल्म को पारिवारिक और ऐतिहासिक बताया।
फिल्म में संजय दत्त ने अफजल खान का किरदार निभाया है, जो बीजापुर सल्तनत का एक शक्तिशाली सेनापति था, जिसे शिवाजी महाराज को हराने के लिए भेजा गया था। कुल मिलाकर, फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पहले दिन फिल्म कितने करोड़ का कलेक्शन करती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म पहले दिन 12-14 करोड़ का कलेक्शन कर सकती है।
.png)