क्या है मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर' का राज? जानें ट्रेलर में छिपी कहानी!
मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर' का ट्रेलर हुआ रिलीज
मुंबई, 26 मई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म 'गवर्नर' इन दिनों सुर्खियों में है। मंगलवार को इस फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। यह फिल्म भारत के उस कठिन समय को दर्शाती है जब 1990 के दशक में देश गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। उस समय भारत की आर्थिक स्थिति इतनी दयनीय थी कि देश दिवालिया होने के कगार पर था। ट्रेलर में डर, तनाव और देश को बचाने के प्रयासों को गंभीरता से पेश किया गया है।
ट्रेलर में यह दिखाया गया है कि देश की गिरती अर्थव्यवस्था के कारण आम जनता में गुस्सा और बेचैनी है। लोग सरकार और आर्थिक हालात को लेकर चिंतित हैं। भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि कैसे देश को आर्थिक रूप से टूटने से बचाया जाए। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि सरकार और बड़े अधिकारियों को कुछ कठोर निर्णय लेने की आवश्यकता पड़ती है।
यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित मानी जा रही है और कहानी भारत के सबसे बड़े आर्थिक संकटों में से एक पर आधारित है। ट्रेलर में मनोज बाजपेयी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर के रूप में नजर आएंगे, जो देश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को संभालने और भारत को संकट से बाहर निकालने का प्रयास करते हैं। उनके गंभीर और शांत अंदाज को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।
रिपोर्टों के अनुसार, मनोज बाजपेयी का किरदार पूर्व आरबीआई गवर्नर एस. वेंकटरमणन से प्रेरित हो सकता है, जो 1991 के आर्थिक संकट के दौरान आरबीआई के गवर्नर थे और उस समय देश को संकट से बाहर निकालने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिल्म को सनशाइन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है। इसे विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है, जबकि निर्देशन चिन्मय मंडलेकर ने किया है। सह-निर्माता आशिन ए. शाह हैं। कहानी सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है।
फिल्म के संगीत पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसके गानों के बोल प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं, जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने तैयार किया है। ट्रेलर में बैकग्राउंड म्यूजिक भी कहानी के तनाव और गंभीर माहौल को और मजबूत बनाता है।
फिल्म 'गवर्नर' 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
.png)