क्या है पीएम मोदी की प्रेरणादायक कहानी? जानें मनोज मुंतशिर के शब्दों में
पीएम मोदी पर आधारित म्यूजिकल प्रोग्राम का आगाज
पटना, 23 सितंबर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित म्यूजिकल प्रोग्राम 'मेरा देश पहले: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ नरेंद्र मोदी' का शुभारंभ हो चुका है। इस कार्यक्रम में 22 सितंबर को कई बॉलीवुड हस्तियों की उपस्थिति देखी गई। मंगलवार को शो में गीतकार और फिल्म लेखक मनोज मुंतशिर ने पीएम मोदी को प्रेरणा का स्रोत बताया।
मनोज ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, "बिहार आने का हर अवसर मेरे लिए खास होता है, खासकर आज का दिन। आज 23 सितंबर है, जो कि रामधारी सिंह दिनकर जी का जन्मदिन है, जिन्हें मैं भारत का महान कवि मानता हूं। आज बिहार की धरती पर उनकी कविताएं और क्रांतिकारी गीत हमारे शो का हिस्सा हैं। जब ये सब पीएम मोदी की जीवन गाथा में जुड़ेगा, तो यह अद्भुत होगा।"
जब मनोज से पूछा गया कि उन्हें गीत लिखने की प्रेरणा कहां से मिली, तो उन्होंने पीएम मोदी को एक जीवंत उदाहरण बताया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री जी का जीवन हमेशा उतार-चढ़ाव से भरा रहा है, लेकिन उन्होंने हर चुनौती का सामना किया है। हमें अपने आस-पास से सीखना चाहिए, और जब हमें जीवंत उदाहरण मिल रहा है, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पीएम मोदी एक उदाहरण हैं कि कैसे कठिन परिस्थितियों में विजय प्राप्त की जा सकती है और राष्ट्र की सेवा की जा सकती है।"
शो के बारे में बात करते हुए मनोज ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। आजकल युवा अक्सर अपनी परिस्थितियों को दोष देते हैं, लेकिन पीएम मोदी की कहानी देखने पर यह स्पष्ट होता है कि जब आप कुछ करने का संकल्प लेते हैं, तो कोई भी शक्ति आपको रोक नहीं सकती। इसके अलावा, इस शो से युवा देशभक्ति भी सीखेंगे, क्योंकि मोदी जी का जीवन देश प्रेम से भरा हुआ है।
.png)