क्या है पारुल गुलाटी की नई फिल्म 'तू या मैं' का जादू? जानें उनके अनुभव!
पारुल गुलाटी की नई फिल्म 'तू या मैं'
मुंबई, 5 फरवरी। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में हर अभिनेता के करियर में कुछ ऐसे प्रोजेक्ट होते हैं, जो उनके विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। अभिनेत्री पारुल गुलाटी के लिए उनकी आगामी फिल्म 'तू या मैं' ऐसा ही एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है।
इस फिल्म में उन्हें प्रसिद्ध निर्देशक विजय नांबियार के साथ काम करने का अवसर मिला है। पारुल ने इस बारे में कहा कि यह फिल्म उनके लिए एक विशेष अनुभव है, जिसने उन्हें एक कलाकार के रूप में और अधिक मजबूत बनाया है।
फिल्म के अनुभव को साझा करते हुए पारुल ने कहा, ''विजय नांबियार के साथ काम करना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा था। मैं उनके काम की बहुत बड़ी प्रशंसक रही हूं। उनकी फिल्मों में कहानी कहने का तरीका और किरदारों की गहराई अद्भुत होती है। ऐसे निर्देशक के साथ काम करना मेरे लिए गर्व की बात है।''
उन्होंने आगे कहा, ''जिस निर्देशक के काम को आप वर्षों से देखते आ रहे हैं, उसके निर्देशन में काम करना एक विशेष अनुभव है। 'तू या मैं' ने मुझे भावनात्मक और मानसिक स्तर पर खुद को बेहतर समझने का मौका दिया। यह फिल्म मेरे करियर की सबसे खास है।''
इस फिल्म में पारुल गुलाटी के साथ आदर्श गौरव और शनाया कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
अपने सह-कलाकारों के बारे में बात करते हुए पारुल ने कहा, ''उनके साथ काम करना इस यात्रा को और भी खूबसूरत बनाता है। आदर्श गौरव एक ईमानदार और मेहनती अभिनेता हैं, जो हर सीन में पूरी सच्चाई के साथ काम करते हैं। वहीं, शनाया कपूर सेट पर नई ऊर्जा लाती हैं और उनमें सीखने की गहरी इच्छा है।''
पारुल ने कहा, ''जब आपके चारों ओर ऐसे कलाकार होते हैं, तो काम के प्रति समर्पण और खुद को बेहतर बनाने की प्रेरणा अपने आप मिलती है। हर दिन सेट पर कुछ नया सीखने को मिलता है, और यही चीज किसी भी कलाकार को आगे बढ़ने में मदद करती है।''
.png)