क्या है 'दादी की शादी' फिल्म का राज? कपिल शर्मा और नीतू कपूर की जोड़ी से दर्शकों में उत्सुकता!
फिल्म 'दादी की शादी' का ट्रेलर हुआ रिलीज
मुंबई, 21 अप्रैल। बॉलीवुड में इन दिनों 'दादी की शादी' फिल्म की चर्चा तेज हो गई है। इसके निर्माताओं ने हाल ही में फिल्म का ट्रेलर जारी किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ट्रेलर में कॉमेडी, भावनाएं और रिश्तों की जटिलताएं एक साथ देखने को मिलती हैं। ट्रेलर में हंसी के साथ-साथ कई दिलचस्प ट्विस्ट भी हैं, जो दर्शकों की जिज्ञासा को बढ़ाते हैं।
ट्रेलर की शुरुआत एक सामान्य परिवार के माहौल से होती है, लेकिन धीरे-धीरे कहानी एक मजेदार मोड़ ले लेती है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे एक परिवार में शादी को लेकर हलचल मच जाती है।
कपिल शर्मा का किरदार टोनी तलाक के बाद अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करना चाहता है और सादिया खतीब से दूसरी शादी करने की योजना बना रहा है। सब कुछ सही चल रहा होता है, लेकिन अचानक कहानी में बड़ा बदलाव आता है।
दरअसल, सादिया खतीब की दादी (नीतू कपूर) शादी करने का निर्णय लेती हैं। इस पर टोनी के दादा (योगराज सिंह) कहते हैं कि अगर लड़की की मां ने शादी की, तो वह रिश्ता तोड़ देंगे। इसके बाद पूरे परिवार की उलझनें बढ़ जाती हैं।
ट्रेलर में यह दिखाया गया है कि दादी को शादी करने से रोकने के लिए सभी प्रयास करते हैं। कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब कपिल शर्मा यह जानने की कोशिश करते हैं कि दादी की जिंदगी में कौन नया व्यक्ति आया है। जैसे-जैसे वह इस रहस्य को सुलझाने की कोशिश करते हैं, कहानी और भी मजेदार और जटिल होती जाती है।
ट्रेलर में रिद्धिमा कपूर की झलक भी दिखाई गई है, जो इस फिल्म से अपने करियर की शुरुआत कर रही हैं। वह अपनी असली मां नीतू कपूर की बेटी का किरदार निभा रही हैं। इसमें कुछ सस्पेंस भी हैं, लेकिन निर्माताओं ने कई चीजें छुपा रखी हैं ताकि दर्शकों की रुचि बनी रहे।
फिल्म का निर्देशन आशीष आर मोहन ने किया है। इसमें कपिल शर्मा, नीतू कपूर और रिद्धिमा कपूर के अलावा साउथ सिनेमा के सुपरस्टार सरथ कुमार, निखत हेगड़े, तेजस्विनी कोल्हापुरे और सादिया खतीब भी शामिल हैं। 'दादी की शादी' 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
.png)