क्या है जूनियर एनटीआर के नाम पर चल रहे फर्जी चैरिटी कैंपेन का सच?
जूनियर एनटीआर की टीम ने जारी किया बयान
हैदराबाद, 14 मई - सोशल मीडिया के प्रभाव में बड़े सितारे भी फर्जी कैंपेन, नकली चैरिटी और धन जुटाने वाली गतिविधियों से परेशान हो रहे हैं। हाल ही में साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर के साथ ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसके बाद उनकी टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है।जूनियर एनटीआर की टीम ने कहा, ''हमें पता चला है कि कुछ फैन ग्रुप्स अभिनेता के नाम पर चैरिटी अभियान चला रहे हैं और लोगों से पैसे इकट्ठा कर रहे हैं। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि अभिनेता का इन गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है और न ही वह ऐसे किसी कैंपेन का समर्थन करते हैं।''
टीम ने लोगों से अपील की, ''हम फैंस, शुभचिंतकों और आम जनता से अनुरोध करते हैं कि वे सतर्क रहें। यदि कोई व्यक्ति या संगठन जूनियर एनटीआर के नाम पर पैसे मांगता है या किसी सोशल कैंपेन को अभिनेता से जोड़ता है, तो उस पर विश्वास न करें। अभिनेता की ओर से सभी आधिकारिक जानकारी सीधे उनके या उनके ऑफिस से साझा की जाती है। इसलिए किसी भी अनजान लिंक, पोस्ट या फंडरेज़िंग कैंपेन में पैसे देने से पहले जांच कर लें।''
जूनियर एनटीआर की टीम ने कहा, ''अभिनेता हमेशा अपने फैंस के प्यार और समर्थन की सराहना करते हैं, लेकिन उनके नाम का गलत इस्तेमाल करना गलत है। हमारी आपसे अपील है कि ऐसे फर्जी अभियानों से दूर रहें।''
इस समय जूनियर एनटीआर अपनी आगामी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। निर्देशक प्रशांत नील के साथ उनकी फिल्म 'एनटीआरनील' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में फिल्म के निर्माताओं ने इसकी रिलीज डेट में बदलाव की घोषणा की है। पहले यह फिल्म 25 जून को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे 11 जून 2027 को सिनेमाघरों में पेश किया जाएगा।
.png)