क्या है 'जना नायकन' लीक मामला? तमिलनाडु साइबर पुलिस ने की कार्रवाई!
तमिलनाडु में 'जना नायकन' लीक की जांच शुरू
चेन्नई, 13 अप्रैल। थलपति विजय की नई राजनीतिक एक्शन थ्रिलर फिल्म 'जना नायकन' के रिलीज से पहले लीक होने की घटना ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।
दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई प्रमुख सितारों ने लीक और पाइरेसी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई है, जिसके बाद तमिलनाडु की साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी खुद साइबर पुलिस ने साझा की है।
तमिलनाडु पुलिस की साइबर क्राइम विंग ने इस संदर्भ में विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह शिकायत केवीएन प्रोडक्शंस के प्रोडक्शन कंट्रोलर आर. उदयकुमार द्वारा दर्ज कराई गई थी। उन्होंने कहा कि अप्रकाशित फुटेज को अवैध रूप से प्राप्त कर विभिन्न प्लेटफार्मों पर साझा किया गया। शिकायत में यह भी बताया गया है कि यह कोई आकस्मिक लीक नहीं थी। 21 व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं, जो एक कथित पायरेसी नेटवर्क में शामिल होने के आरोप में हैं।
साइबर क्राइम ने अपने ट्वीट में बताया कि अब तक छह गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और 300 से अधिक अवैध लिंक पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने पाइरेसी को गंभीर अपराध मानते हुए ऐसे कार्य करने वालों को चेतावनी दी है कि वे कड़ी कार्रवाई का सामना कर सकते हैं।
गौरतलब है कि 'जना नायकन' थलपति विजय की राजनीति में कदम रखने से पहले की अंतिम फिल्म है, जिसमें पूजा हेगड़े मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म के कुछ सीन्स लीक हो गए हैं, जिसमें विजय बच्चों के साथ खेलते हुए नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि यह फिल्म का प्रारंभिक दृश्य है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
इस मामले में कमल हासन, रजनीकांत, चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और अल्लू अर्जुन जैसे सितारों ने इस घटना की निंदा की है। इससे पहले भी आरआरआर, पुष्पा-2 और बाहुबली-2 जैसी बड़ी फिल्मों को पाइरेसी का सामना करना पड़ा था। मेकर्स ने उस समय भी दर्शकों से अपील की थी कि वे फर्जी लिंक्स से फिल्म न देखें।
.png)