क्या है 'चिरैया' की कहानी? जानें Anjuman Saxena की अनकही बातें
अंजुमन सक्सेना की नई वेब सीरीज 'चिरैया'
मुंबई, 23 मार्च। संजय मिश्रा और दिव्या दत्ता के साथ हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज 'चिरैया' ने मैरिटल रेप जैसे संवेदनशील मुद्दे पर गहन चर्चा को जन्म दिया है। इस सीरीज में अपनी प्रभावशाली भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री अंजुमन सक्सेना ने इस विषय पर खुलकर बात की। उन्होंने फिल्म की अनोखी कहानी, अपने किरदार की प्रासंगिकता, और अपने अभिनय के सफर के बारे में विस्तार से चर्चा की।
'चिरैया' एक ऐसी कहानी है जो शादी के बाद पति-पत्नी के बीच सहमति और आपसी समझ के महत्व को उजागर करती है, जो आज भी समाज में कम चर्चा का विषय है। अंजुमन ने बताया कि जब कास्टिंग डायरेक्टर रोमिल ने उन्हें स्क्रिप्ट सुनाई, तो उन्होंने तुरंत इस भूमिका को स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा, “यह किरदार आज की आम महिला की सच्चाई को दर्शाता है। शादी के बाद केवल खुशखबरी सुनाने का समय नहीं होता, बल्कि दोनों को एक-दूसरे को समझने का भी समय चाहिए। सहमति बेहद आवश्यक है। शादी कोई लाइसेंस नहीं है। महिलाओं की भी अपनी सोच और इच्छाएं होती हैं। यह संदेश समाज में फैलाना चाहिए। इसलिए मैंने इस भूमिका को स्वीकार किया।”
अंजुमन ने आगे कहा कि आजकल बॉलीवुड में ऐसी कहानियों की कमी है। उन्होंने कहा, “यह विषय महत्वपूर्ण है, लेकिन लोग इससे बचते हैं। फिल्म यह दिखाती है कि शादी के बाद भी दोनों की सहमति और सम्मान आवश्यक है। यह कोई गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं है।”
अभिनय में अनुशासन और मेहनत की अहमियत पर बात करते हुए अंजुमन ने कहा कि थिएटर ने उन्हें यह सिखाया है कि काम को कितनी गंभीरता से लेना चाहिए।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि ऐसे किरदार निभाने से उन्हें संतोष मिलता है, क्योंकि इससे समाज में जागरूकता फैलती है। अपने अभिनय के सफर के बारे में बात करते हुए अंजुमन ने थिएटर, टीवी और सिनेमा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि थिएटर में रिटेक नहीं होता, इसलिए रिहर्सल और अनुशासन पर गहरा ध्यान देना पड़ता है। यह अभिनय की असली ट्रेनिंग है। थिएटर के कलाकारों में एक अलग गंभीरता और परिपक्वता होती है। हालांकि, बॉलीवुड में भी कलाकारों को बहुत मेहनत करनी पड़ती है।
अपने करियर के बारे में अंजुमन ने कहा कि उन्हें ईश्वर की कृपा से संघर्ष नहीं करना पड़ा। टीवी से शुरुआत के बाद उन्हें विज्ञापनों और फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। उन्होंने कहा, “मैं काम के पीछे नहीं भागी, लेकिन भगवान की कृपा से काम आता रहा। दर्शकों ने मुझे पसंद किया, जिससे डायरेक्टर्स ने मुझे नोटिस किया। टीवी के दौरान घर-गृहस्थी में व्यस्त होने के कारण थिएटर में ब्रेक लगा, लेकिन बाद में मैंने वापसी की। आज मैं टीवी, फिल्म और विज्ञापनों में अपने काम को निखार रही हूं।”
अपकमिंग प्रोजेक्ट्स के बारे में अंजुमन ने बताया कि उनकी फिल्म 'रफ्तार' जुलाई में रिलीज होने वाली है, जिसमें वह राजकुमार राव की मां का किरदार निभा रही हैं। यह भी एक अनोखी कहानी है। इसके अलावा, एक अनऑउंस्ड फिल्म पर भी काम चल रहा है। उन्होंने कहा, “दर्शकों को मजेदार और अलग कहानियां मिलती रहेंगी। हम अच्छा काम करते रहेंगे।”
.png)