Movie prime

क्या शरद कपूर को मिलेगी बॉलीवुड में नई शुरुआत? एआईसीडब्ल्यूए ने की अपील!

बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर का एक भावुक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने उनकी मदद की अपील की है। सुरेश श्यामला गुप्ता ने फिल्म निर्माताओं से शरद कपूर के समर्थन में आगे आने का अनुरोध किया है। शरद कपूर ने अपनी खराब सेहत के कारण अपने पालतू कुत्तों को एक एनजीओ को सौंपा, जिससे उनके प्रशंसक और फिल्म जगत के लोग भावुक हो गए। क्या शरद कपूर को मिलेगी नई शुरुआत? जानें पूरी कहानी!
 

शरद कपूर का भावुक वीडियो वायरल



मुंबई, 15 नवंबर (वेब वार्ता)। बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर का एक भावुक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया है, जिसके बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने फिल्म उद्योग से उनकी मदद करने की अपील की है।


एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुरेश श्यामला गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर फिल्म निर्माताओं और कलाकारों से शरद कपूर के समर्थन में आगे आने का अनुरोध किया।


उन्होंने बताया कि फिल्म उद्योग में काम की कोई निश्चितता नहीं होती। किसी कलाकार को आज काम मिल सकता है, लेकिन अगली बार उसे काम मिलने में कई दिन, साल या कभी-कभी तो बिल्कुल भी समय लग सकता है। यह फिल्म उद्योग की कड़वी सच्चाई है। शरद कपूर को इस समय सहायता की आवश्यकता है और सभी को उनके साथ खड़ा होना चाहिए।


सुरेश श्यामला गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में फिल्म इंडस्ट्री कठिन दौर से गुजर रही है। काम के अवसर घटते जा रहे हैं और कई कलाकारों और तकनीशियनों के भविष्य के बारे में अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में शरद कपूर जैसे कलाकारों की मदद करना अत्यंत आवश्यक है।


हाल ही में एक वीडियो में शरद कपूर अपनी खराब सेहत के कारण अपने प्यारे पालतू कुत्तों को देखभाल के लिए एक एनजीओ को सौंपते हुए दिखाई दिए। इस दृश्य ने उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत के लोगों को भावुक कर दिया।


वीडियो के वायरल होने के बाद अभिनेत्री जया भट्टाचार्य ने शरद कपूर से मुलाकात की। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें शरद कपूर सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) से काम दिलाने की गुहार लगाते नजर आए।


शरद कपूर ने कहा, “मैं सिंटा से निवेदन करता हूं कि मैं अच्छे काम की तलाश में हूं। मुझे आपकी सहायता की आवश्यकता है और मुझे विश्वास है कि आपने हमेशा कलाकारों का समर्थन किया है। थोड़ा नैतिक सहयोग भी मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। मैं एक अच्छा अभिनेता हूं और आप यह जानते हैं। पैसे मेरी समस्या नहीं हैं, मैं सिर्फ दोबारा काम शुरू करना चाहता हूं।”


शरद कपूर ने कई फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया है। उनके इस भावुक संदेश ने फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की आर्थिक और पेशेवर असुरक्षा पर चर्चा को भी तेज कर दिया है।


OTT