Movie prime

क्या 'ये आवारापन' पर चल रहा है पेड पीआर कैंपेन? अमाल मलिक ने किया बड़ा खुलासा

इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' का नया गाना 'ये आवारापन' चर्चा में है। संगीतकार अमाल मलिक ने दावा किया है कि उनके गाने और फिल्म के खिलाफ पेड पीआर कैंपेन चलाया जा रहा है। उन्होंने दर्शकों से अपील की है कि वे गाने को दिल से सुनें और तुलना करने से बचें। जानें इस मामले में और क्या कहा अमाल ने और गाने की खासियत क्या है।
 

फिल्म 'आवारापन 2' का नया गाना 'ये आवारापन'


मुंबई, 22 जुलाई। इमरान हाशमी की नई फिल्म 'आवारापन 2' रिलीज से पहले काफी चर्चा में है। हाल ही में इस फिल्म का टाइटल ट्रैक 'ये आवारापन' लॉन्च हुआ है, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। इस गाने की खासियत यह है कि गायक अरिजीत सिंह ने लंबे समय बाद वापसी की है। हालांकि, गाने के रिलीज के बाद इसे 2007 में आई फिल्म 'आवारापन' के लोकप्रिय गाने से भी जोड़ा जाने लगा है। इस बीच, गाने के संगीतकार अमाल मलिक ने एक बड़ा दावा किया है कि कुछ लोग फिल्म इंडस्ट्री में उनके गाने और फिल्म के खिलाफ पेड पीआर कैंपेन चला रहे हैं।


अमाल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक विस्तृत नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने 'ये आवारापन' को मिले प्यार के लिए दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह धुन उनके लिए बहुत खास है।


उन्होंने लिखा, 'इस धुन को इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद। हर गाने को समझने में थोड़ा समय लगता है, ताकि वह लोगों के दिलों में अपनी जगह बना सके।'


इसके बाद, अमाल ने कहा कि कुछ लोग उनकी फिल्म और उसके संगीत को सफल नहीं देखना चाहते, इसलिए उनके गाने के खिलाफ एक पेड पीआर कैंपेन चलाया जा रहा है।


उन्होंने कहा, 'फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोग हमारी फिल्म और इसके म्यूजिक को सफल नहीं होने देना चाहते। इसलिए मेरे गाने और फिल्म के खिलाफ बड़े स्तर पर पेड पीआर चलाया जा रहा है। लेकिन मेरा जवाब है कि अपने पैसे अगली फिल्मों के लिए बचाकर रखिए।'


अमाल ने 'आवारापन' के ओरिजिनल एल्बम पर चल रही बहस पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि पहली 'आवारापन' फिल्म के गाने पूरी तरह से ओरिजिनल नहीं थे, बल्कि वे पहले से लोकप्रिय इंडी-पॉप गाने थे।


उन्होंने कहा, 'तो फिर आओ', 'तेरा मेरा रिश्ता', 'मौला मौला' और 'माहिया' जैसे गाने पहले से मौजूद थे, जिन्हें नए अंदाज में पेश किया गया था। इस बहस को खत्म होना चाहिए कि पहली फिल्म का एल्बम पूरी तरह ओरिजिनल था।'


अमाल ने लोगों से अपील की कि तुलना करना खुशियों का दुश्मन होता है। किसी भी संगीतकार या गाने को आंकने से पहले उसे दिल से सुनें। अगर फिर भी राय बनानी है, तो जरूर बनाएं।


अंत में, उन्होंने लिखा, 'पेड पीआर से वही लोग डरते हैं, जिन्हें दर्शकों का सच्चा प्यार नहीं मिला। मुझे हमेशा लोगों ने अपने दिल में जगह दी है।'


गौरतलब है कि इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' का नया गाना 'ये आवारापन' हाल ही में रिलीज हुआ है। इस गाने को अमाल मलिक ने कंपोज किया है, इसके बोल रश्मि विराग ने लिखे हैं, और इसे अरिजीत सिंह ने गाया है।


OTT