क्या दोस्ती पर भारी पड़ेगा 'रोडीज: रीबर्थ' का मुकाबला? जानें अभिषेक और प्रिंस की कहानी
रोडीज: रीबर्थ में अभिषेक और प्रिंस का मुकाबला
मुंबई, 9 सितंबर। एडवेंचर रियलिटी शो 'रोडीज: रीबर्थ' में अभिषेक मल्हान और प्रिंस नरूला गैंग लीडर के रूप में आमने-सामने होंगे। दोनों का लक्ष्य अपने-अपने गैंग के प्रतिभागियों को जीत दिलाना है, जिसके लिए वे टास्क और रणनीतियों में एक-दूसरे को मात देने की कोशिश करेंगे। इस स्थिति में यह सवाल उठता है कि क्या इस प्रतियोगिता का असर उनकी व्यक्तिगत दोस्ती पर पड़ेगा?
इस पर अभिषेक ने स्पष्ट किया कि वह शो की प्रतिस्पर्धा को अपने असली जीवन के रिश्तों पर हावी नहीं होने देंगे।
प्रिंस नरूला के साथ अपने संबंधों के बारे में बात करते हुए अभिषेक ने कहा, ''मेरा प्रिंस के साथ जो रिश्ता है, वह किसी भी चीज से अधिक मजबूत है। लेकिन जब हम रियलिटी शो में होते हैं और मेंटर की भूमिका निभाते हैं, तो हमारा एकमात्र लक्ष्य होता है कि हमारा प्रतिभागी जीतें।''
अभिषेक ने आगे कहा, ''शो के दौरान अपने प्रतिभागियों को जीताने के लिए मेंटर किसी भी हद तक जा सकता है। इस कारण मेरे और प्रिंस के बीच प्रतिस्पर्धा भी काफी तीव्र हो सकती है। मुझे लगता है कि कैमरा ऑन होने पर जो कुछ भी होता है, उसे वहीं तक सीमित रखना चाहिए, लेकिन कैमरा कट होने के बाद व्यक्तिगत रिश्तों की अपनी अहमियत होनी चाहिए।''
'रोडीज: रीबर्थ' के इस सीजन में कुल छह गैंग लीडर्स शामिल होंगे, जिनमें निखिल चिनापा, नेहा धूपिया, प्रिंस नरूला, अभिषेक मल्हान, बनी जे और बसीर अली शामिल हैं। इस बार गैंग्स के बीच मुकाबला पहले से भी अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है। खासकर प्रिंस और अभिषेक की टक्कर पर दर्शकों की नजरें रहेंगी, क्योंकि दोनों के बीच शो के बाहर एक मजबूत बंधन है और अब उन्हें एक-दूसरे के खिलाफ अपने-अपने गैंग के लिए खेलना होगा।
अभिषेक मल्हान को 'फुकरा इंसान' के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने यूट्यूब पर अपने कंटेंट के जरिए एक बड़ी पहचान बनाई और रियलिटी शो की दुनिया में भी अपनी जगह बनाई। वह 'बिग बॉस ओटीटी', 'प्लेग्राउंड सीजन 3' और 'टेम्पटेशन आइलैंड इंडिया' जैसे शो का हिस्सा रह चुके हैं। अब 'रोडीज' में गैंग लीडर के रूप में उनकी नई यात्रा शुरू होने वाली है।
.png)