क्या जेल से सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन फर्नांडिस को फिर लिखा प्यार भरा पत्र?
सुकेश का प्यार भरा पत्र
मुंबई, 22 अप्रैल। 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने 'अप्रूवर' बनने के लिए आवेदन किया है। इसी बीच, आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने जेल से जैकलीन को एक और पत्र भेजा है। पत्र में सुकेश ने लिखा है, "प्यार और जंग में सब जायज है।"
सुकेश ने पत्र की शुरुआत "बेबी बोट्टा बोम्मा" से की और जैकलीन को "मेरी जैकी" कहकर संबोधित किया। उन्होंने लिखा, "तुम मेरी हो, मैं हमेशा तुम्हारा रहूंगा। मैं तुम्हारे साथ खड़ा रहूंगा।" पत्र में उन्होंने अपने गहरे प्यार का इजहार करते हुए कहा, "मैं तुमसे पागलों की तरह प्यार करता हूं। तुम्हारी याद आ रही है और यही बात हमारे लिए महत्वपूर्ण है।" पत्र के अंत में उन्होंने खुद को "आपका बेबी बॉय, सुकाश" बताया।
यह पत्र उस समय आया है जब अदालत में याचिका पर सुनवाई चल रही है। सुकेश वर्तमान में धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में जेल में बंद है और वह पहले भी जैकलीन को कई पत्र लिख चुका है, जिनमें उसने अपने प्यार और समर्थन का जिक्र किया है।
हाल ही में, जैकलीन फर्नांडिस ने दिल्ली की अदालत में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अप्रूवर बनने का आवेदन दिया था, जिस पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जवाब देने के लिए समय मांगा है। पटियाला हाउस कोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई 8 मई को होगी।
सूत्रों के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय ने कोर्ट से जवाब दाखिल करने के लिए और समय मांगा है और जैकलीन की इस अर्जी का विरोध भी किया है। सुनवाई के दौरान ईडी ने अदालत में कहा कि जैकलीन की अर्जी आधारहीन है और अतिरिक्त समय की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।
इससे पहले की सुनवाई में, कोर्ट ने जैकलीन की अर्जी पर ईडी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
.png)