Movie prime

क्या आप तैयार हैं? 'जॉली एलएलबी-3' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर कल रात!

सौरभ शुक्ला, अक्षय कुमार और अरशद वारसी की कोर्ट ड्रामा फिल्म 'जॉली एलएलबी-3' ने सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद अब टेलीविजन पर दस्तक देने की तैयारी कर ली है। फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर कल रात 8 बजे स्टार गोल्ड पर होगा। जानें इस फिल्म की कहानी, जिसमें न्याय व्यवस्था और किसानों के संघर्ष को हास्य के साथ पेश किया गया है।
 
क्या आप तैयार हैं? 'जॉली एलएलबी-3' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर कल रात!

जॉली एलएलबी-3 का टेलीविजन प्रीमियर


मुंबई, 21 मार्च। सौरभ शुक्ला, अक्षय कुमार और अरशद वारसी की कोर्ट ड्रामा फिल्म 'जॉली एलएलबी-3' ने सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद अब टेलीविजन पर भी दस्तक देने की तैयारी कर ली है। शनिवार को निर्माताओं ने इस बारे में जानकारी साझा की।


निर्माताओं ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक क्लिप साझा किया, जिसमें अक्षय और अरशद के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक दिखाई दे रही है। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, "कोर्टरूम में होगा फुल-ऑन हंगामा, जब दोनों जॉली एक-दूसरे का सामना करेंगे। देखिए, 'जॉली एलएलबी-3' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर कल रात 8 बजे स्टार गोल्ड पर।"


19 सितंबर 2025 को रिलीज हुई 'जॉली एलएलबी-3' एक हिंदी लीगल-कॉमेडी ड्रामा है, जिसका निर्देशन सुभाष कपूर ने किया है। फिल्म में अक्षय और अरशद दोनों के नाम जॉली हैं, जिसके चलते उनके बीच लगातार टकराव होता है। निर्देशक ने इस फिल्म में न्याय व्यवस्था, कॉरपोरेट लालच और किसानों के संघर्ष को हास्य और कोर्ट रूम ड्रामा के माध्यम से प्रस्तुत किया है।


इस फिल्म में अक्षय कुमार (जॉली मिश्रा) और अरशद वारसी (जॉली त्यागी) वकील के रूप में आमने-सामने नजर आते हैं, जो किसानों की जमीन के मुद्दे और रियल एस्टेट माफिया के खिलाफ लड़ाई पर आधारित है। यह फिल्म 2011 के भट्टा-पारसौल किसान आंदोलन से प्रेरित है, जिसमें राजस्थान के बीकानेर में एक किसान परिवार की जमीन को हड़पने की कहानी दिखाई गई है। यह 'जॉली एलएलबी' फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी है।


'जॉली एलएलबी-3' में अमृता राव, हुमा कुरैशी और अन्नू कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस बार फिल्म की कहानी पहले से ज्यादा मजेदार होगी, क्योंकि अक्षय और अरशद दोनों अपने-अपने 'जॉली' अवतार में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी सुभाष कपूर ने लिखी है और उन्होंने ही इसका निर्देशन भी किया है। प्रोड्यूसर आलोक जैन और अजित अंधारे हैं।


'जॉली एलएलबी' फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 2013 में आई थी, जिसमें अरशद वारसी, बोमन ईरानी, अमृता राव और सौरभ शुक्ला थे। इसका दूसरा भाग 2017 में रिलीज हुआ, जिसमें अक्षय कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा फिल्म में हुमा कुरैशी, अन्नू कपूर और कुमुद मिश्रा जैसे सितारे भी शामिल थे।


OTT