क्या आप जानते हैं 'लुका छुपी' के गाने आज भी क्यों हैं हिट? कार्तिक आर्यन का जादू बरकरार!
सात साल बाद भी 'लुका छुपी' के गाने हैं चर्चा में
मुंबई, 1 मार्च। 2019 में आई फिल्म 'लुका छुपी' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन इसकी असली पहचान इसके गानों में छिपी है। इस फिल्म के गाने न केवल इसकी कहानी या कॉमेडी से जुड़े हैं, बल्कि अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री कृति सेनन की अदाकारी ने भी इन्हें खास बना दिया है। आज इस फिल्म को रिलीज हुए सात साल हो चुके हैं, फिर भी इसके गाने शादी समारोहों और डांस रील्स में धूम मचा रहे हैं।
फिल्म का सबसे लोकप्रिय गाना 'कोका-कोला' है, जिसने हर पार्टी की जान बनकर सबका दिल जीत लिया। इसकी धुन इतनी आकर्षक है कि लोग इसे सुनते ही गुनगुनाने लगते हैं। गाने के डांस स्टेप्स भी बेहद सरल हैं, और कार्तिक का मस्तीभरा अंदाज इसे शादी, कॉलेज फेस्ट और दोस्तों की पार्टी का पसंदीदा बना देता है। जब से रील्स का चलन शुरू हुआ है, यह गाना फिर से ट्रेंड में आ गया है।
फिल्म का रोमांटिक गाना 'फोटो' कपल्स के इमोशन्स को बखूबी दर्शाता है। इसमें प्यार की मिठास और मिलने की तड़प को खूबसूरती से दिखाया गया है। कार्तिक और कृति की केमिस्ट्री इस गाने को खास बनाती है, जिससे यह कपल रील्स और सॉफ्ट लव स्टोरी वाले मॉन्टाज में खूब इस्तेमाल होता है। सात साल बाद भी इसका जादू बरकरार है।
एक और गाना 'दुनिया' भी बेहद खूबसूरत है, जो प्यार, इंतजार और साथ निभाने की बात करता है। इसकी धुन सीधे दिल को छू जाती है, और यही वजह है कि यह गाना सिर्फ फिल्म का हिस्सा नहीं, बल्कि लोगों के खास पलों का भी हिस्सा बन गया है।
'तू लौंग, मैं इलायची' ने फिल्म में देसी रंग भर दिया। इसकी धुन सुनते ही लोग थिरकने लगते हैं। इसकी कोरियोग्राफी इतनी सरल है कि बच्चे से लेकर बड़े तक सभी इस पर डांस कर सकते हैं। यह गाना आज भी हर समारोह में अपनी जगह बनाए हुए है।
'पोस्टर लगवा दो' ने छोटे शहर की मस्ती और शरारत को मजेदार तरीके से पेश किया। यह गाना खासकर मीम कल्चर और फनी रील्स में खूब चला। कार्तिक के एक्सप्रेशन्स और कृति की कॉमिक टाइमिंग ने इसे रील्स वीडियो के लिए एकदम परफेक्ट बना दिया।
.png)