क्या आप जानते हैं मलाइका अरोड़ा के 'छैंया छैंया' गाने की शूटिंग के पीछे की सच्चाई?
मलाइका अरोड़ा का आइकॉनिक गाना 'छैंया छैंया'
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। बॉलीवुड में कुछ गाने ऐसे होते हैं जो वर्षों बाद भी लोगों की जुबान पर रहते हैं। इनमें से एक है 'छैंया छैंया', जिसमें मलाइका अरोड़ा ने शाहरुख खान के साथ चलती ट्रेन पर डांस कर अपनी अलग पहचान बनाई। यह गाना 1998 में आई फिल्म 'दिल से..' का हिस्सा था, जिसने मलाइका को हर घर में मशहूर कर दिया। हालांकि, पर्दे पर उनका डांस जितना आसान दिखा, उसकी शूटिंग उतनी ही चुनौतीपूर्ण थी।
एक शो में मलाइका ने बताया कि ट्रेन पर डांस करते समय तेज हवा के कारण उनका संतुलन बिगड़ जाता था। इस स्थिति से निपटने के लिए टीम को उन्हें रस्सी से बांधना पड़ा। जब शूटिंग खत्म हुई और रस्सी हटाई गई, तो उनकी कमर पर कट के निशान थे और खून भी निकलने लगा था।
मलाइका का जन्म 23 अक्टूबर 1973 को हुआ। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग और टेलीविजन से की। 1990 के दशक में, जब एमटीवी इंडिया ने अपने कार्यक्रमों की शुरुआत की, तब मलाइका को वीडियो जॉकी के रूप में काम करने का मौका मिला। उन्होंने 'लव लाइन' और 'स्टाइल चेक' जैसे शो होस्ट किए, जहां उनके संवाद करने के तरीके और स्क्रीन पर मौजूदगी को सराहा गया।
मलाइका के करियर का महत्वपूर्ण मोड़ 1998 में आया, जब वह मणिरत्नम की फिल्म 'दिल से..' के गाने 'छैंया छैंया' में नजर आईं। इस गाने को ए.आर. रहमान ने संगीतबद्ध किया था और इसके बोल गुलजार ने लिखे थे। फराह खान ने गाने की कोरियोग्राफी की थी। शाहरुख खान के साथ चलती ट्रेन पर डांस करते हुए मलाइका का अंदाज दर्शकों को बहुत भाया।
हालांकि, इस गाने की शूटिंग के दौरान मलाइका को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। 2019 में एक डांस रियलिटी शो में उन्होंने बताया कि तेज हवा के कारण वह बार-बार एक तरफ से दूसरी तरफ झूल रही थीं और कई बार गिर भी गई थीं। बैलेंस बनाए रखने के लिए टीम ने उनके घाघरे के रास्ते कमर पर रस्सी बांधकर ट्रेन से जोड़ दिया था, ताकि ट्रेन की गति के साथ तालमेल बैठाने में मदद मिल सके। लेकिन जब शूटिंग के बाद रस्सी हटाई गई, तो उनकी कमर पर कट के निशान थे और खून निकल रहा था। यह देखकर पूरी टीम चिंतित हो गई थी।
'छैंया छैंया' के बाद मलाइका ने कई अन्य गानों में अपने डांस से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। 2002 में फिल्म 'कांटे' के गाने 'माही वे' में उनका अंदाज पसंद किया गया। इसके बाद वह 'काल' के गाने 'काल धमाल' में भी नजर आईं। 2010 में सलमान खान की फिल्म 'दबंग' का गाना 'मुन्नी बदनाम हुई' उनके करियर का एक और बड़ा हिट साबित हुआ। इसके बाद 'हाउसफुल 2' के 'अनारकली डिस्को चली' जैसे गानों में भी उन्होंने डांस किया।
मलाइका ने फिल्मों में अभिनय भी किया। वह 'कांटे' और 'ईएमआई' जैसी फिल्मों में नजर आईं। इसके अलावा, उन्होंने अपने पूर्व पति अरबाज खान के साथ फिल्म प्रोडक्शन में भी कदम रखा। दोनों ने मिलकर अरबाज खान प्रोडक्शंस की स्थापना की, जिसके तहत 'दबंग' जैसी फिल्म बनी। मलाइका ने आगे चलकर डांस रियलिटी शो में जज के रूप में भी काम किया। 'नच बलिए', 'झलक दिखला जा' और 'इंडियाज नेक्स्ट टॉप मॉडल' जैसे शो में उनकी उपस्थिति देखने को मिली।
.png)